नवगछिया : भवानीपुर थाना क्षेत्र में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग के साथ बर्बर मारपीट और अमानवीय कृत्य का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उनके चेहरे पर टॉयलेट किया। घटना 11 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। मामले में स्थानीय थाना द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से आहत पीड़ित शुक्रवार को भागलपुर के आईजी विवेक कुमार से मिला और न्याय की गुहार लगाई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पीड़ित की पहचान वीरबना गांव निवासी 60 वर्षीय लोयारनस मंडल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वे दूसरों के घरों में खाना बनाने का काम करते हैं। आरोप है कि गांव के मो. मंजूर अली ने उन्हें अपने यहां काम करने के लिए कहा था। मना करने पर 11 दिसंबर की रात करीब आठ बजे गांव में लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की गई। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद आरोपियों ने उनकी कनपटी पर बंदूक तान दी और उनके चेहरे पर टॉयलेट कर दिया।
मारपीट में लोयारनस मंडल का बायां हाथ और पैर टूट गया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 14 दिसंबर को अस्पताल परिसर में तैनात बरारी थाना पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज किया और आगे की कार्रवाई के लिए भवानीपुर थाना को भेजा।

पीड़ित का आरोप है कि बयान मिलने के बावजूद भवानीपुर थाना पुलिस ने मामले में टालमटोल किया। करीब तीन सप्ताह बाद 4 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे पीड़ित और उसका परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
शुक्रवार को परिजन बुजुर्ग को कुर्सी पर बैठाकर आईजी कार्यालय लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे मामले की जानकारी दी। पीड़ित ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ-साथ भवानीपुर थाना के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनकी जान को खतरा बना रहेगा।
इस संबंध में भवानीपुर थाना के थानाध्यक्ष शंभू पासवान ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
