नवगछिया । बीते दिनों 20 अगस्त को गंगा के जलस्तर में वृद्धि से इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध क्षतिग्रस्त होने के बाद बाढ़ की विभीषिका ने तबाही मचायी थी। बाढ़ राहत को लेकर प्रखंड मुख्यालय सभागार कक्ष में सोमवार को प्रमुख रागिनी देवी की अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति की बैठक की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसमें गोपालपुर प्रखंड के बाढ़ से प्रभावित सात पंचायत की समस्याओं से अवगत कराया गया। गोपालपुर के अंचलाधिकारी रोशन कुमार ने विभिन्न समस्याओं को सुनने के बाद कहा कि जो भी बाढ़ से पीड़ित हैं उन्हें हरसंभव सहायता की जा रही है। सभी पंचायत के मुखिया ने अपने-अपने पंचायत में ब्लीचिंग पाउडर, जीआर राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।
सुकटिया, डुमरिया, डिमाहा, कमलाकुंड, तिनटंगा, सैदपुर के मुखिया ने कहा ने बाढ़ के पानी में डूबे हुए फसल क्षति का आकलन कर मुआवजा राशि की मांग की। प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि बाढ़ग्रस्त प्रभावित क्षेत्र का फसल क्षति सर्वेक्षण का काम हो गया है। वहीं अंचलाधिकारी रोशन कुमार ने सभी पंचायत की समस्या सुनने के बाद कहा कि वरीय पदाधिकारी को अवगत कराकर जल्द से जल्द इस पर पहल की जाएगी।

