नारायणपुर/मधुरापुर। बुधवार दोपहर बलहा–मधुरापुर बाजार में अतिक्रमण और जाम के कारण दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलते ही भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर आवागमन बहाल कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने का बांड भरवाकर उन्हें छोड़ दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना उस समय हुई जब बीरबन्ना की ओर से आ रही एक पार्सल वैन मधुरापुर बाजार पहुंचकर जाम में फंस गई। इसी दौरान एक दुकान के सामने ई-रिक्शा रुकने से जाम और बढ़ गया। ई-रिक्शा में सवार बलहा निवासी रंजीत कुमार और मौजमा निवासी राजू चौधरी के बीच इसी बात को लेकर बहस हुई, जो मारपीट में बदल गई। विवाद की सूचना पाकर मौजमा से कुछ लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और बिगड़ने लगी।
इसी बीच भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने पुलिस बल भेजकर भीड़ को शांत कराया और सड़क से वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। बाद में विवाद में शामिल लोगों को थाने बुलाकर शांति बंधपत्र भरवाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार में सड़क किनारे अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के कारण आए दिन जाम लगता है। दुकानों व घरों के अवैध कब्जे के चलते सड़कें संकरी हो जाती हैं, जिससे राहगीरों और ग्राहकों को परेशानी होती है तथा अक्सर ऐसे विवाद उत्पन्न हो जाते हैं।
