नवगछिया : उप विकास आयुक्त, भागलपुर प्रदीप कुमार सिंह ने बुधवार को गोपालपुर और बिहपुर प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रखंड कार्यालयों की गतिविधियों का निरीक्षण और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर उनके साथ, निदेशक डीआरडीए एवम् एसडीएम नवगछिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने प्रखंड कार्यालयों में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित दिया कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूर्ण तत्परता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
सिंह ने कार्यालयों की साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और लोगों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी शिकायतों का शीघ्र निष्पादन करें और लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करें।

डीडीसी ने विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने ग्राम स्तर पर चल रही योजनाओं की भी समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर गरिमा लोहिया ने भी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और अधिकारियों को सुझाव दिए कि वे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करें।
