संजीव चौरसिया, वरीय पत्रकार : नवगछिया में कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने के बाद शहर को प्रशासन ने सील कर दिया है। तीसरे दिन मंगलवार को लोग प्रशासन द्वारा जारी दुकानों के हेल्पलाइन नंबरों पर लोग फोन करते रहे, लेकिन दुकानदारों ने कोई जवाब नहीं दिया। इससे लोग दिनभर परेशान रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसकी सूचना मिलने पर एसडीओ ने कहा कि बुधवार से लोगों को परेशानी नहीं होने दी जायेगी। शहर के लोगों ने कहा कि राशन व दूध के लिए सुबह से फोन करते रहे। लेकिन किसी दुकानदार ने जवाब नहीं दिया। वहीं दकानदारों का कहना था कि नवगछिया बाजार के आलावा गांव-देहात से लोग फोन कर कोई दो किलो चीनी तो कोई दूध मांग रहे थे। लेकिन डिलीवरी ब्वाय का पास अनुमंडल कार्यालय से नहीं मिला है, जिससे वह बाहर जाने में डर रहा था। बुधवार से लोगों को परेशानी नहीं होने दी जायेगी। प्रशासन ने भी दुकानदारों को आश्वस्त किया है कि जो लोग परेशान करेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।


भूख से बिलखते बच्चों के घर पुलिस ने पहुंचाया दूध:
नवगछिया को सील कर दिया गया है। इसी दौरान मंगलवार को काफी घरों में दूध नहीं पहुंच पाया। इस कारण कई रोने लगे। लोगों ने यह परेशानी जब नवगछिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजकपूर कुशवाहा को बतायी तो खुद थानाध्यक्ष ने दूध लेकर कई बच्चों के घर पहुंचाया। बताया गया कि कई दूध बांटने वालों को पास नहीं मिला है, जिससे दूध बाजार के लोगों को नहीं मिल पाया था।
वहीं गोशाला का दूध बंद होने के बाद अधिवक्ता सत्येंद्र नारायण चौधरी ने डीएम से गुहार लगाई। कहा कि अधिकांश घरों में गोशाला से दूध जाता है। रोक लगने के कारण परेशानी हो रही है। डीएम ने दूध वितरण की व्यवस्था का आश्वासन दिया है।
बंदी में दुकान खोल कर बैठे दुकानदार:
नवगछिया बाजार में सुबह पांच बजे से ही स्टेशन रोड के कुछ दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलकर लोगों को सामान बेचने लगा। इसकी सूचना मिलते ही नवगछिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजकपूर कुशवाहा दलबल के साथ पहुंचे और दुकानों को बंद कराकर घरों से नहीं निकलने की अपील की।
मजदूरों की परेशानी बढ़ी:
बाजार सील होने से रोजाना मजदूरी कर खाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। विभिन्न मुहल्लों में सैकड़ों मजदूर हैं, जो रोजाना मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। लेकिन शहर सील हो जाने की स्थिति में उनके सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है। नगर पार्षद चम्पा कुमारी ने एसडीओ और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से जरूरतमंदों के बीच सूखा राशन वितरण कराने की मांग की है ताकि मजदूरों को भूखे पेट नहीं सोना पड़े।

गैस सिलेंडर देने से आय युवक से उलझे लोग:
नवगछिया बाजार में गैस सिलेंडर की आपूर्ति करने आए डिलीवरी मैन को उस समय परेशानियों का सामना करना पड़ा, जब कुछ लोगों ने मुफ्त गैस सिलेंडर देने की मांग करते हुए उलझ गए। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि मुकेश राणा ने तैनात पदाधिकारी की मदद से लोगों को समझाया। इसके बाद ने घरों में जाकर सिलेंडर का वितरण किया।

नवगछिया से सील हटाने की होने लगी मांग:
कोरोना पॉजीटिव मरीज के परिजनों व स्वस्थकर्मियों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद बाजारवासियों ने शहर से सील हटाने की मांग की है। पार्षद मुन्ना भगत, मनोज पांडेय में कहा कि बाजार सील रहने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ऐसे में बाजारवासियों को राहत देनी चाहिए।
’ कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने के बाद शहर को प्रशासन ने कर दिया है सील ’ राशन व दूध के लिए दिनभर परेशान रहे लोग, आज से सामान मिलने का आश्वासन
नवगछिया एसडीओ मुकेश कुमार ने लोगों की सुविधा के लिए अनुमंडल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। उन्होंने लोगो को घरों में रहने की अपील की है। साथ ही कहा कि घरों में ही खाद्यान्न, दूध, पानी, दवा उपलब्ध कराने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जरूरत होने पर नियंत्रण कक्ष के नंबर 06421223103 और 7543042579 फोन करें। सामान उनके घर पहुंचेगा। लोगों के घर-घर सामान पहंुचाने के लिए कर्मियों को पास निर्गत किया गया है। जो कमी मिली है उसे पूरा किया गया है। बुधवार से परेशानी नहीं होने दी जायेगी।

