नवगछिया : प्रखंड और अंचल कार्यालय का SDM ने किया औचक निरीक्षण
नवगछिया : अनुमंडलाधिकारी (एसडीओ) रोहित कर्दम ने सोमवार को बिहपुर प्रखंड कार्यालय और अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई तरह की अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
निरीक्षण के बाद एसडीओ ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कार्यालयों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति नहीं रहती, जिससे आम लोगों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों कार्यालयों में उपस्थिति और कार्यशैली को लेकर लापरवाही पाई गई। अंचलाधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित मिले, वहीं गोदाम के सहायक महाप्रबंधक भी गैरहाजिर पाए गए।
इसे गंभीर प्रशासनिक अनियमितता मानते हुए दोनों पदाधिकारियों से जवाब मांगा गया है। एसडीओ ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही बेहद जरूरी है। आम लोगों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देश पर प्रत्येक सप्ताह इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं, ताकि सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार लाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं की फाइलों और अभिलेखों की भी जांच की गई। कुछ मामलों में कार्यों के निष्पादन में देरी पाई गई, जिस पर संबंधित कर्मियों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान एसडीओ ने कार्यालय पहुंचे आम लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने कर्मचारियों की अनुपस्थिति और कार्य में देरी की शिकायत की। इस पर एसडीओ ने भरोसा दिलाया कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए लगातार निगरानी की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण की सूचना फैलते ही कार्यालय कर्मियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

