नवगछिया: ट्रैक्टर पार्ट्स दुकान में लाखों की चोरी, थाना और जीआरपी के बीच भटक रहा पीड़ित
नया टोला में ट्रैक्टर पार्ट्स दुकान में लाखों की चोरी, थाना और जीआरपी के बीच भटक रहा पीड़ि
नवगछिया के नया टोला स्थित एक ट्रैक्टर पार्ट्स दुकान में देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान के पीछे से चदरा काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के ट्रैक्टर पार्ट्स व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित दुकानदार भोला पंडित ने बताया कि रोज की तरह वह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान पहुंचे तो पीछे का हिस्सा टूटा हुआ मिला और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दुकान से महंगे ट्रैक्टर पार्ट्स, बैटरी, उपकरण समेत लाखों रुपये मूल्य का सामान गायब है।
दुकानदार के अनुसार दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी चोरी की घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में देर रात कुछ संदिग्ध लोग दुकान के पीछे से अंदर घुसते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए।

चोरी की घटना के बाद सबसे बड़ी परेशानी प्राथमिकी दर्ज कराने को लेकर सामने आई। पीड़ित दुकानदार आवेदन लेकर पहले नवगछिया जीआरपी पहुंचा, जहां यह कहकर आवेदन लेने से इंकार कर दिया गया कि मामला रेलवे क्षेत्र से बाहर का है। इसके बाद वह नवगछिया थाना पहुंचा, लेकिन वहां भी थाना क्षेत्र का मामला नहीं बताते हुए आवेदन नहीं लिया गया।
एक थाना से दूसरे थाना के बीच भटक रहे दुकानदार ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि चोरी जैसी गंभीर घटना के बावजूद उसकी शिकायत तक दर्ज नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो चोर आसानी से फरार हो सकते हैं।
घटना के बाद नया टोला और आसपास के व्यापारियों में नाराजगी है। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित जांच की जाए तो चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान संभव है। पीड़ित दुकानदार ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप कर जल्द प्राथमिकी दर्ज कराने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

