नवगछिया : खरीक थाना क्षेत्र के अठनियां मोड़ बनकट्टा के पास एक युवक ने पुलिस टीम को देखकर पोखर में छलांग लगा दी। गुरुवार की देर रात सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया। पूर्व जिला पार्षद विजय कुमार मंडल ने घटना की जानकारी खरीक थानाध्यक्ष को दी। इसके बाद खरीक सीओ अनिल भूषण, बीडीओ राजीव रंजन कुमार, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नरेश कुमार और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से देर रात युवक की तलाश की गई, लेकिन रात के अंधेरे में कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार की सुबह एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने 20 घंटे की मेहनत के बाद दोपहर तीन बजे युवक का शव पोखर से निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के जपतेली निवासी पंचकौरी राय के 29 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार के रूप में हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलशन कुमार गुरुवार की शाम भागलपुर से मजदूरी कर ई-रिक्शा से लौट रहा था। अठनियां मोड़-बनकट्टा के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी, जिससे डरकर वह टोटो से उतरकर भागने लगा। इसी दौरान वह पोखर में कूद गया और डूब गया। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताते हुए कहा कि मृतक शराब पीकर लौट रहा होगा, इसी कारण उसने पुलिस को देखकर भागने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि परबत्ता थाना क्षेत्र के बहत्तरा बिंद टोली में चौकीदार की मिलीभगत से घर-घर शराब बनाई और बेची जा रही है।

इसके बावजूद पुलिस शराब कारोबारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे यह दुखद घटना हुई। हालांकि कहां की पुलिस जांच कर रही थी, यह समाचार संप्रेषण तक स्पष्ट नहीं हो पाया था। खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को देखकर एक लड़का पोखर में कूद गया। पुलिस खरीक थाना की नहीं थी। युवक पोखर में क्यों कूदा यह पता लगाया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
