बिहपुर। बिहपुर पुलिस एवं झंडापुर ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर 29 अगस्त की रात एनएच 31 के सहोडी मोड़ के पास तेल टैंकर से तेल की चोरी कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। सोमवार को बिहपुर थाना में नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि मुझे जानकारी मिली थी की तेल टैंकर से तेल की चोरी की जा रही है। उसके बाद टीम गठित की गयी थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह एवं झंडापुर ओपी प्रभारी भूपेंद्र कुमार को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। दोनों थानाध्यक्षों ने संयुक्त छापेमारी की तो पुलिस के होश उड़ गये। मौके से तीन लोगों को टैंकर से तेल निकालते रंगेहाथ पकड़ा गया। एक व्यक्ति भागने में सफल रहा। उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार खंतर यादव मधुरापुर थाना भवानीपुर, मो. इमरान राटन थाना गोगरी, खगड़िया एवं धर्मेंद्र चौधरी कारीचक थाना मुफस्सिल जिला बेगूसराय है। भागने वाला मो. सोहेल राटन थाना गोगरी जिला खगड़िया है। यह पूर्व में भी झंडापुर कांड संख्या 354/19 में जेल जा चुका है।
वहीं एक तेल टैंकर, 27 ड्रम, डीजल लगभग 5400 लीटर, आधा कटा हुआ ड्रम, तेल निकालने का पाइप एवं तीन मोबाइल भी जब्त किया गया है। छापेमारी दल में शामिल बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह, झंडापुर ओपी प्रभारी भूपेंद्र कुमार, एएसआई सतेन्द्र सिंह एवं बीएमपी सशस्त्र बल, डीएपी सशस्त्र बल, झंडापुर ओपी के सभी सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा।
