बिहपुर। गंगा नदी का जलस्तर घटते ही नरकटिया जमींदारी तटबंध पर कटाव का सिलसिला लगातार तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से हो रहा कटाव अब भयावह रूप ले चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, अब तक करीब 300 फीट से अधिक तटबंध कट चुका है, और हर दिन मिट्टी का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कटाव की तेज़ रफ्तार से आसपास के गांवों के लोगों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार विभाग को स्थिति की जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि विभागीय उदासीनता के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
तटबंध के टूटने से बिहपुर और खरीक प्रखंडों के बीच संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। नरकटिया, गौरीपुर, सोनवर्षा सहित आसपास के गांवों के लोग अब आवागमन के संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो दियारा क्षेत्र के किसानों की फसलें और बस्तियां खतरे में पड़ सकती हैं।

