बिहपुर। करीब दो बजे झंडापुर पूरब पंचायत के वार्ड नंबर सात महादलित टोला में बुधवार की दोपहर बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हवा काफी तेज चल रही थी। इस कारण आग बड़ी तेजी फैली और छह घर को अपने आगोश में समेट लिया। चूंकि घर फूस व टाट का था। इसलिए आग बड़ी तेजी फैली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राजाराज दास, अमरेन्द्र पहाड़ी, राजेंद्र पहाड़ी, गायत्री देवी व अनिल पहाड़ी का घर जलकर राख हो गया। घर में रखे बाइक व साइकिल समेत बर्तन, कपड़ा अनाज पूरी तरह जल कर राख हो गये। वहीं एक घर से गैस सिलेंडर के विस्फोट आग का गोला सात घर पार कर विलास राम के घर पर जा गिरा। जबतक कोई कुछ समझ पाता। आग ने बड़ी तेजी से विलास राम, शामो राम, रामचन्द्र राम, बच्ची राम व संतोष राम के घर को जलाकर राख कर दिया।
विलास राम के पुत्र अमरजीत राम की 12 मई को शादी होने वाली थी। आग से जेवर, कपड़ा, नकद, बाइक, भोज का समान, भाड़े का बर्तन सभी जलकर राख हो गया। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था। वहीं स्थानीय युवक व दमकल की गाड़ी ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया। इस अगलगी की सूचना पर बिहपुर सीओ बलिराम प्रसाद, आरओ आमिर हुसैन, झंडापुर ओपी प्रभारी अजीत कुमार, दरोगा पवन सिंह समेत विधायक ई शैलेंद्र, अजय सिंह आदि भी पहुंचे। सीओ ने बताया नुकसान का आकलन कर सरकारी प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।

