नवगछिया : ट्रक की ठोकर से पिकअप में सवार पांच मजदूर घायल.. जमकर हंगामा

NEWS

नवगछिया । नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी जीरो माइल में गुरुवार की सुबह इस्माईलपुर से मजदूरों को लेकर कदवा जा रहे पिकअप को पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे पिकअप में सवार पांच मजदूर घायल हो गए। जिनमें तीन गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मजदूरों ने जमकर हंगामा कर दिया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घायलों को स्थानीय लोगों और मजदूरों ने अनुमण्डल अस्पताल पहुंचाया। घायलों में केलाबाड़ी 519 के बादशाह मण्डल (28 वर्ष), रघुनी टोला के सोनू कुमार (30 वर्ष) और कुलदीप शर्मा (58 वर्ष) शामिल हैं। कुलदीप शर्मा का पैर कट गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है जबकि अन्य दोनों मजदूरों का सिर फट गया है और पैर टूट गया है। घायलों को बेहतर चिकित्सा के लिए मायगंज अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया।

सड़क जाम कर राहगीर को खदेड़कर पीटा :

घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने विकमशिला पहुंच पथ को जाम कर दिया। मजदूरों ने बताया कि बाढ़ के कारण काम नहीं मिल रहा था, इसीलिए पिकअप पर करीब 25 मजदूर परवल लगाने कदवा जा रहे थे। ट्रक चालक ने ओवरटेक कर पीछे से पिकअप में टक्कर मार दी। मजदूर इतने आक्रोशित थे कि एक युवक के विरोध करने पर उसे पीट-पीटकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद दारोगा रमानी सहित जवानों के बीच-बचाव के बाद भी मजदूर मानने को तैयार नहीं थे। इस दौरान कई दोपहिया चालकों के साथ मजदूरों ने हाथापाई की।

दारोगा के साथ हुई नोकझोंक :

मजदूरों को समझाने गए दारोगा रमानी के साथ भी मजदूरों की नोकझोक हुई। जाम के बीच हाथ मे लाठी डंडा लिए मजदूर सड़क पर लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर मार रहे थे। वे लोग घटनास्थल पर लगी ट्रक में आग लगाने की तैयारी कर रहे थे। जिसे समझा-बुझाकर शांत किया गया। सूचना पर एसपी सुशांत कुमार सरोज के निर्देश पर परबत्ता थानाध्यक्ष रामचन्द्र राम, खरीक थानाध्यक्ष पंकज झा घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन मजदूर मानने को तैयार नहीं थे।

मुखिया के कहने पर मजदूर हुये शांत: हंगामे की सूचना पर केलाबाड़ी इस्माईलपुर मुखिया हुलो मण्डल और नवगछिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण घटनास्थल पर पहुंचे। मुखिया ने आक्रोशित मजदूरों को समझा-बुझाकर शांत किया। उसके बाद मजदूर के बयान पर ट्रक चालक पर लापरवाही से ट्रक चलाने की प्रथमिकी दर्ज की गई।

एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि ट्रक और पिकअप में टक्कर के बाद तीन मजदूर घायल हुए थे। घटना के बाद मजदूरों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों के साथ मारपीट की बात लोग बता रहे हैं। थानाध्यक्ष को मामले की जांच के लिए कहा गया है। ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत धूरिया कलासन निवासी प्रदीप यादव का पुत्र सिंटू कुमार बताया जा रहा है।