नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे एवं पैथोलॉजी सेंटरों की जांच के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर कई संचालक अपने-अपने केंद्र बंद कर फरार हो गए। यह कार्रवाई शुक्रवार को सिविल सर्जन के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, पीएचसी नारायणपुर के चिकित्सक डॉ. अंकित कुमार जांच के लिए मधुरापुर बाजार पहुंचे। उनके पहुंचने की सूचना मिलते ही कई निजी क्लीनिक एवं जांच केंद्रों के संचालकों ने आनन-फानन में अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
हालांकि, नेशनल पैथोलॉजी के संचालक मोहम्मद फिरोज खान ने अपने संस्थान से संबंधित वैध कागजात जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत किए, जिसकी विभागीय जांच की जाएगी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि जांच टीम के पहुंचते ही संचालक केंद्र बंद कर भाग जा रहे हैं। अब तक इस तरह की दो बार जांच की जा चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध रूप से संचालित क्लीनिक व जांच केंद्रों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।















Leave a Reply