भागलपुर | विधानसभा चुनाव के दौरान जिस तरह सोशल मीडिया की निगरानी लगातार की गई, उसी तरह अब चुनाव परिणाम के बाद भी पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को और कड़ा कर दिया है। भागलपुर सहित सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाली किसी भी पोस्ट, वीडियो या टिप्पणी पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस मुख्यालय का कहना है कि हारने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रहीं आपत्तिजनक और उत्तेजक पोस्ट से माहौल बिगड़ सकता है। गाली-गलौज भरे वीडियो, किसी पार्टी विशेष के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट और फेक कंटेंट तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे समर्थकों में आक्रोश की स्थिति पैदा हो सकती है।
इसी को देखते हुए पुलिस की साइबर टीम को 24 घंटे की मॉनिटरिंग पर लगाया गया है। सभी जिलों को निर्देश है कि ऐसे पोस्ट करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया के माध्यम से आमलोगों और समर्थकों से यह अपील भी की जाएगी कि वे किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट न करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

