बिहपुर। दयालपुर मौजा के चकरधा बहियार में रविवार की सुबह ग्यारह बजे झंडापुर पूरब पंचायत के वार्ड नंबर आठ निवासी दिवाकर सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रोहित सिंह के बाएं पैर में किसी ने गोली मार दिया। जिस कारण युवक घायल होकर गिर गया। वहीं घायल युवक को पुलिस ने इलाज के लिये बिहपुर सीएचसी भेजा। जहां से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिये मायागंज रेफर कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के अनुसार घायल रोहित और उसके पिता दिवाकर सिंह बगड़ी गांव के समीप चकरधा बहियार में दस बीघा के आसपास खेती करते हैं। 13 जनवरी को बगड़ी निवासी एक व्यक्ति घास काट रहा था। इसी बात पर दिवाकर सिंह ने उसकी पिटाई की थी। रविवार को उस व्यक्ति का लड़का दिवाकर सिंह के घर पर इलाज के लिए रुपये मांगने आया था।
जैसे ही रोहित को गोली लगने की सूचना मिली रोहित के परिजनों ने उस लड़के को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। दिवाकर सिंह ने बताया गोली मारने वाले को मेरा बेटा पहचानता है। हालांकि घायल रोहित गोली मारने वाले का नाम नही बता पा रहा है।

वहीं झंडापुर ओपी प्रभारी अजीत कुमार व दरोगा पवन सिंह घटना को पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने घायल युवक के पिता दिवाकर सिंह से पूरी जानकारी ली। ओपी प्रभारी अजीत कुमार ने बताया एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
