पुरानी रंजिश में अपराधियों ने एक युवक को पहले पीठ में गोली मारी और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा दियारा में शनिवार अपराह्न चार बजे की है। मृतक की पहचान सोनवर्षा गांव निवासी विनय कुंवर के पुत्र अमित कुमार उर्फ निधि 20 के रूप में की गई। वह मवेशियों का चारा लाने दियारा गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गोली की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान व मजदूर भाग गए। कुछ देर बाद किसानों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे के शव को देखते ही पिता शव से लिपटकर रोने लगे। वही कुछ देर बार बिहपुर और झंडापुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।

घटनास्थल पर मृतक अमित के पिता ने पुलिस को बताया कि गांव के गुंजन कुंवर और उसके परिवार से पुराना विवाद चल रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि गुंजन ने ही बेटी की हत्या की है। वह अपराधी प्रवृत्ति का है। कुछ दिन पहले ही वह शराब तस्करी और चोरी के मामले में जेल से जमानत पर बाहर निकला है। हालांकि देर शाम तक परिजनों ने किसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भिजवा दिया। बिहपुर थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
घटनास्थल पर अमित के पिता विनय कुंवर रो-रोकर कह रहे थे कि दुश्मनी हमसे थी। लेकिन बदमाशों ने इसकी कीमत मेरे बेटे की जान से चुकाई। बेटा तो किसी से ऊंची आवाज में बात तक नहीं करता था। अमित दो भाइयों में छोटा था। विनय कुंवर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इधर, युवक की हत्या के बाद गांव में तनाव है। लोग किसी अनहोनी की आशंका से डरे-सहमे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। इसके पहले भी दोनों पक्षों में कई बार मारपीट हुई है।
