नवगछिया : गिट्टी से लदा ट्रक पलटा, दबने से तीन टेंपो क्षतिग्रस्त, एक चालक घायल, मची अफरा’तफरी -Naugachia News

NEWS

एनएच-31 पर गुरुवार की सुबह 5:30 बजे भागलपुर से पूर्णिया की ओर जा रहा गिट्टी से भरा ओवरलोड ट्रक के अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में मकंदपुर चौक पर पहले से खड़े तीन टेंपो ट्रक के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में एक टेंपो का चालक गोसाईं गांव निवासी संजय यादव ट्रक के नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

टेंपो पर ट्रक के पलट जाने से मकंदपुर चौक पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। दुर्घटना के बाद आशंका थी कि ट्रक के नीचे चार से पांच लोग और दबे हैं। जिसको लेकर स्थिति भयावह बनी हुई थी। घटना की सूचना पर नवगछिया थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा, गोपालपुर थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती, गोपालपुर सीओ मो. फिरोज इकबाल आलम, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी हिलारियूस हेंब्रम, पीओ कौशल राय, सत्येंद्र कुमार सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश सिंह मौके पर पहुचें। प्रशासनिक पदाधिकारी ने क्रेन मंगाकर ट्रक को सीधा कराया।

इसके बाद दबे टेंपो को बाहर निकाला गया। जब लोग कंफर्म हो गए कि ट्रक के नीचे कोई नहीं है, उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने में सफल रहा। गोपालपुर थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती ने कहा कि दुर्घटना में दो टेंपो क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक ऑटो चालक घायल है जिसका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटना की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दुर्घटना ग्रस्त सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है। ट्रक पूर्णिया जिले का था। पुलिस ने उपचालक को पकड़ लिया था, जिसे पीआर बांड पर छोड़ दिया गया है।

ट्रक का पिछला पहिया ब्लास्ट होने पर बिगड़ गया संतुलन

ट्रक पर गिट्टी लदा था और तेज गति से पूर्णिया की ओर जा रहा था। मकंदपुर चौक पर ट्रक पर ट्रक का पिछला पहिया ब्लास्ट हो गया, इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर पलट गया। जहां पहले से मकंदनपुर चौक पर खड़े तीन टेंपो ट्रक के नीचे आ गए। ट्रक के नीचे आए तीन टेंपो में दो टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

टेंपो चालक चले गए थे चाय पीने, इसलिए बच गए

गुरुवार की सुबह मकंदपुर चौक पर हुए हादसे ने एक बार तो लोगो को हिला कर रख दिया। दोनों ओटो चालक चले गए थे चाय पीने, इसलिए बच गए। दो टेंपो के पूरी तरह दब जाने के बाद लग रहा था कि टेंपो पर कोई बैठा तो नहीं है। लेकिन जब ट्रक को हटाया गया तो लोगों की जान में जान आई।