नवगछिया : खेल के दौरान विवाद में हिंसा, एक ही परिवार के चार सगे भाई गंभीर रूप से घायल

NEWS

नवगछिया पुलिस जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। रन को लेकर हुई कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से मारपीट हो गई, जिसमें एक ही परिवार के चार सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घायलों की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मोती टोला परबत्ता गांव निवासी चमकलाल मंडल के पुत्र फुचन मंडल, सोनू मंडल, विजय मंडल और विलास मंडल के रूप में हुई है। घटना में फुचन मंडल के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य तीन भाइयों को भी अंदरूनी चोटें लगी हैं।

खेल मैदान में रन को लेकर हुआ विवाद
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर चारों भाई दुर्गा स्थान के पास खेल मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान रन बनाने को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद हो गया। शुरुआती बहस जल्द ही बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई।

घायलों के परिजन गणेश मंडल ने बताया कि मारपीट के दौरान फुचन मंडल के सिर पर जोरदार वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अन्य भाइयों को भी लाठी-डंडों से पीटा गया। घटना के बाद सभी घायलों को पहले इस्माइलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस का बयान
इस मामले में इस्माइलपुर थाना अध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान दो पड़ोसियों के बीच मारपीट हुई है। एक पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, जबकि दूसरा पक्ष घायल है और उनका इलाज चल रहा है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।