नवगछिया : कोसी नदी के किनारे बसे लोकमानपुर और सिंहकुंड गांव कटाव की आगोश में -Naugachia News

बिहपुर

खरीक : प्रखंड में कोसी नदी के किनारे बसे लोकमानपुर और सिंहकुंड गांव कटाव की जद में आ गए हैं। सिंहकुंड गांव के सात घर नदी में समा गए। कोसी के कटाव में रविवार की शाम नदी किनारे स्थित लक्ष्मण साह, ज्योतिष प्रसाद सिंह, निर्मल सिंह, विजो सिंह, सुभाष सिंह और शंभु राय के घर का आधा हिस्सा नदी में विलीन हो गया। ये लोग एकबार फिर से विस्थापित होने की कगार पर हैं। वहीं इन परिवारों में से कुछ लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिला था एवं उसी राशि से गृह निर्माण कराया था। किन्तु अबतक गृह प्रवेश भी नहीं कर पाए थे और घर कटाव में गिरने लगा। इतना ही नहीं कोसी के कटाव में किसानों की जमीन भी कटकर नदी में समा रही है। नदी किनारे बसे लोग रतजगा कर अपने घरों की निगरानी कर रहे हैं।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

वहीं ग्रामीणों ने बताया कि अबतक कटावरोधी कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जिससे लोगों में विभाग के प्रति काफी आक्रोश है। इसके अलावा कोसी नदी के लोकमानपुर के बालू टोला, मैरचा, रतनपुरा समेत अन्य जगहों पर कटाव का कहर जारी है लेकिन जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग सुध नहीं ले रहा है।

जिला परिषद सदस्य गौरव राय ने कोसी नदी में हो रहे भीषण कटाव को देखते हुए फ्लड फाइटिंग अधीक्षक उमाशंकर सिंह, कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। वहीं कटाव की रफ्तार देखकर खुद जिला पार्षद दंग रह गए। उन्होंने पदाधिकारियों से शीघ्र कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि कटाव की रफ्तार काफी तेज है। जिससे पूरे गांव के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने बताया कि पदाधिकारियों ने सोमवार कार्य शुरू होने की बात कही है। इस मौके पर उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे।