नवगछिया : नवगछिया शहर के हरियापट्टी बाजार में अज्ञात चोरों ने दो ज्वेलरी दुकानों का ताला तोड़ कर एक दुकान से हजारों रुपये के आभूषण की चोरी कर ली है जबकि एक दुकान का चोरों ने ताला तोड़ कर छोड़ दिया है. घटना के विरोध में स्वर्ण व्यवसायी संघ नवगछिया के अध्यक्ष आनंद सोनार के आह्वान पर पूरे शहर के स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी अपनी दुकानों को बंद रखा. घटना की बाबत डब्लू पोद्दार ने नवगछिया थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डब्लू पोद्दार का कहना है कि सुबह स्थानीय लोगों से उन्हें सूचना मिली कि उनके दुकान में चोरी हो गई है. जब वे दुकान पर पहुंचे तो देखा कि उनके दुकान का ताला टूटा हुआ है और दुकान से करीब ₹100000 के आभूषण और 4 से ₹5000 की नकदी गायब है. जबकि दूसरे दुकानदार टुनटुन पोद्दार ने बताया कि उनके दुकान का ताला जरूर टूटा था लेकिन उनके दुकान में सभी सामान पूरी तरह से सुरक्षित है और चोर उनकी दुकान में चोरी करने में असफल रहे.
नवगछिया थाना पुलिस ने स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की है जबकि दूसरी तरफ मामले की प्राथमिकी नवगछिया थाने में दर्ज कर ली गई है. मालूम हो कि नवगछिया का हरिया पट्टी काफी महत्वपूर्ण बाजार है जहां कई महत्वपूर्ण और बड़े संस्थान हैं. हरिया पट्टी में चोरी होना पुलिस के रात्रि गश्ती की पोल खोलता है. स्वर्ण व्यवसाई संघ के अध्यक्ष आनंद सोनार ने कहा कि इन दिनों चोरों की नजर सोने चांदी की दुकान पर अधिक होती है इसलिए स्थानीय पुलिस की जिम्मेदारी बनती है कि वह उन लोगों को सुरक्षा की गारंटी दे.

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद से नवगछिया के स्वर्ण व्यवसाई खौफ ज्यादा हैं. नवगछिया के थानाध्यक्ष भरत भूषण ने जल्द से जल्द मामले में कार्यवाही कर चोरों को गिरफ्तार करने की बात कही है.
