नवगछिया के कदवा सहायक थाना क्षेत्र के गोला टोला कदवा निवासी चंद्रदेव राम के पुत्र ननकू राम (26) की गला दबाकर हत्या कर दी गयी। जानकारी के अनुसार मृतक ननकू राम का शव सूखे धार में फेंका हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कदवा पुलिस को दी। कदवा थाना अध्यक्ष चंदन दुबे ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान के लिए स्थानीय लोगों को जानकारी दी। शव की पहचान ननकू राम के रूप में की गयी। ननकू के भाई भवेश ने बताया कि शनिवार देर शाम मेरे भाई को कुछ लोगों ने पार्टी में खाने के लिए बुलाया था। जहां उसे शराब पिलाकर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गयी। सिर पर भी चोट के निशान हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतक के पिता चंदेव राम ने बताया कि ननकू पूर्व मुखिया पति कमलेश्वरी भगत की हत्या के मामले में आरोपी था। जिसके कारण उसके पुत्र को बिभूति जयसवाल, राजेश जयसवाल के पुत्र रवि जायसवाल एवं मनीष जायसवाल ने मिलकर साजिश के तहत हत्या कर शव को फेंक दिया। कदवा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अनुमंडल अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष चंदन दुबे ने बताया कि परिजनों द्वारा जिस तरह का आरोप लगाया गया है सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हत्या का कारण पूर्व मुखिया पति की हत्या से जुड़ा हुआ है।
वर्ष 2016 में हुई थी कमलेश्वरी भगत की हत्या
वर्ष 2016 में खैरपुर पंचायत की मुखिया पूनम देवी के पति कमलेश्वरी भगत की हत्या गोली मारकर अपराधियों ने कर दी थी। जिसमें मृतक ननकू राम का भी नाम आया था। ननकू राम जेल भी इस मामले में गया था।

पूर्व मुखिया की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की थी और तत्कालीन कदवा थानाध्यक्ष पर अपराधियों के साथ मिलकर हत्या करवाने का आरोप लगाया था। भीड़ को समझाने गए नवगछिया के तत्कालीन एसपी को भीड़ का कोपभाजन सहना पड़ा था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवक की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अनुमंडल अस्पताल में मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार अपने पति के शव पर दहाड़ मारकर रो रही थी। वहीं छोटे-छोटे बच्चे का भी रो-रोकर बुरा हाल था।
कहते हैं एसडीपीओ
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि मृतक पूर्व मुखिया पति कमलेश्वरी भगत हत्याकांड में नामजद था। वह जेल भी गया था। पुलिस हत्याकांड के अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। जरूरी नहीं है कि यह हत्याकांड पूर्व में हुई कमलेश्वरी भगत हत्याकांड से जुड़ा हो।
