नवगछिया : कटाव गांव में गंगा कटाव का निरीक्षण, अभियंता प्रमुख ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सूचना/खबरे

नवगछिया : रंगरा प्रखंड की तीनटगा दियारा पंचायत के कटाव गांव में शुक्रवार को जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख वरुण कुमार ने गंगा नदी के बढ़ते कटाव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कटाव से प्रभावित तटवर्ती इलाकों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अभियंताओं से वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल भी मौजूद रहे। विधायक ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभागीय अधिकारियों से कटाव रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

अभियंता प्रमुख वरुण कुमार ने बताया कि गंगा नदी के लगातार कटाव से ग्रामीणों की कृषि भूमि के साथ-साथ आवासीय क्षेत्रों पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव निरोधक कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए तथा तटबंधों की मजबूती के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय अपनाए जाएं।

इस मौके पर स्थानीय ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग रखी। अभियंता प्रमुख ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा जल्द ही प्रभावी और दीर्घकालिक कदम उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।