नवगछिया : कचहरी परिसर स्थित खाली पड़े कोषागार भवन में मद्य निषेध थाना खोलने का निर्णय लिया गया है। भागलपुर मद्य निषेध व उत्पाद विभाग के अधीक्षक संजय कुमार व नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी उत्तम कुमार ने खाली पड़े कोषागार के भवन का निरीक्षण कर यह निर्णय लिया। नवगछिया में कोषागार कार्यालय का संचालन किया जाता था, जिसे कुछ माह पहले भागलपुर शिफ्ट कर दिया गया था। इसके बाद कोषागार के लिए उपयोग किया जा रहा भवन खाली हो गया था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उत्पाद अधीक्षक ने उक्त भवन का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां पर मद्य निषेध थाना अस्तित्व में आ जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा मद्य निषेध थाने के लिए दो कमरों को आवंटित किया गया है। दोनों की साफ-सफाई व रंग-रोगन करने का आदेश संबंधित लोगों को दिया गया है।
सूचनाओं पर तुरंत होगी कार्रवाई, पद भी सृजित किए गए
उत्पाद थाने में एक इंस्पेक्टर, तीन एसआई व 40 होमगार्ड का पद सृजित किया गया है। उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि यहां पर लोक सूचनाओं का निष्पादन दो घंटे के अंदर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनएच पर भी त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की गयी है। भवानीपुर व रंगरा थाने के पास एनएच 31 पर दस- दस होमगार्ड जवानों की 24 घंटे तैनाती की व्यवस्था होगी। नवगछिया कचहरी परिसर में सृजित किये जा रहे थाने का क्षेत्र पूरा नवगछिया अनुमंडल रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारी उत्तम कुमार ने कहा कि उत्पाद थाना प्रभावी हो जाने के बाद शराबबंदी कानून को और ज्यादा सख्ती से लागू किया जा सकेगा।

