नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्याज से लदा ट्रक अचानक बेकाबू होकर पलट गया, जिससे सड़क पर प्याज बिखर गया और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-31 (एनएच-31) पर बीरबन्ना प्लांट के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में नवगछिया की ओर जा रहा था, तभी चालक को अचानक झपकी आने से वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि उपचालक को हल्की चोटें लगीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल भवानीपुर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को अस्पताल भेजा।

मध्य प्रदेश से बंगाल जा रहा था ट्रक
उपचालक मन्नू ने बताया कि वे मध्य प्रदेश से प्याज लादकर बंगाल जा रहे थे। रास्ते में चालक को झपकी आ गई, जिससे यह हादसा हुआ। मन्नू ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने किसी तरह ट्रक से बाहर निकलकर लोगों को आवाज दी।
भवानीपुर पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहन थे, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-31 पर इस इलाके में भारी वाहन चालक बिना आराम किए लंबी दूरी तय करते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कर दिया है। घायल चालक की हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है।
