नवगछिया : एनएच-31 पर दो मक्का व्यापारी भाइयों से 10 लाख रुपया लुटा

NEWS

नवगछिया : हथियार का भय दिखाकर अपराधियों ने मक्का कारोबारी से 10.10 लाख रुपए लूट लिए। घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गुदरिया स्थान के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। पीड़ित कारोबारी आशुतोष आनंद ने चार अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार पटना निवासी मक्का कारोबारी आशुतोष अपने भाई आनंद सिंह के साथ मक्के की खरीद के लिए बाइक से नवगछिया बस स्टैंड के पास धर्मकांटा जा रहे थे। घर से 500 मीटर दूर पहुंचे थे, तभी दो बाइक सवार चार अपराधियों ने ओवरटेक कर बाइक रोकी। एक अपराधी ने बाइक चला रहे आनंद के सीने पर कट्टा सटा दिया। दूसरा बदमाश बाइक के पीछे बैठे आशुतोष आनंद के हाथ से रुपए से भरा बैग छीनने लगा।

विरोध करने पर अपराधी ने कट्टा के बट से उनके हाथ पर वार कर बैग छीन लिया। आशुतोष ने बताया कि सभी हेलमेट पहने थे। इससे पहचान नहीं सका। सूचना पर एसडीपीओ ओम प्रकाश, नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह और गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पहुंचे व पूछताछ की। एसपी प्रेरणा कुमार ने कहा कि जल्द अपराधी गिरफ्तार होंगे।