नवगछिया : नगर परिषद की उपमुख्य पार्षद रश्मिरथी देवी ने एसडीओ को आवेदन देकर कार्यपालक पदाधिकारी की शिकायत की है। आवेदन में कहा है कि नगर परिषद की नई सरकार के गठन के बाद किसी भी बैठक की कॉपी कापी नहीं जाती है। किसी भी वित्तीय संबंधी योजना की जानकारी मुझे कार्यपालक पदाधिकारी नहीं देते हैं।
वे कहते हैं कि उपमुख्य कुछ नहीं होता है, इसलिए आपके द्वारा जो भी प्रस्ताव आएगा स्थायी समिति से निरस्त करवा दूंगा। मैंने टेंडर का विरोध किया तो मेरे पति को जेई के द्वारा धमकाया जाता है कि पत्र वापस कर लें नहीं तो आपके व पत्र पर जिन भी पार्षदों के हस्ताक्षर किया है उन सभी की योजना निरस्त कर दी जाएगी। सभी पार्षदों, उपमुख्य पार्षद व मुख्य पार्षद में योजना का बराबर चयन होना चाहिए।
टेंडर रद्द करने के लिए स्थायी समिति को आवेदन दिया गया है। बोर्ड की बैठक मैं निर्णय लेने के लिए नगर परिषद को निर्देशित किया जाए। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी सुमित्रानंदन ने कहा कि मुझ पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। बैठक के दौरान सभी के सामने हस्ताक्षर करवाया जाता है और कॉपी भी दी जाती है।

