नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में शुक्रवार को स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई। दोपहर करीब 12 बजे इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अफजल अस्पताल छोड़कर सड़क के सामने स्थित एक निजी मेडिकल सह हेल्थ क्लिनिक में पाए गए। इस दौरान इमरजेंसी वार्ड में दर्जनों मरीज इलाज के इंतजार में पड़े रहे, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इमरजेंसी में चिकित्सक के मौजूद न रहने पर मरीजों और उनके परिजनों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना तुरंत अस्पताल प्रबंधक जितेंद्र कुमार को दी गई। प्रबंधक मौके पर पहुंचे, लेकिन डॉ. अफजल अस्पताल परिसर में नहीं मिले। इसके बाद सुरक्षा गार्ड को उन्हें बुलाने का निर्देश दिया गया।
इसी दौरान स्थानीय युवकों द्वारा बनाए गए एक वीडियो में डॉ. अफजल निजी क्लिनिक से बाहर निकलते हुए और चाय पीने का बहाना बनाकर अस्पताल के सामने स्थित चाय दुकान की ओर जाते दिखे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

बताया गया कि उस समय इमरजेंसी वार्ड में करीब एक दर्जन मरीज इलाज के लिए इंतजार कर रहे थे, जिनमें मारपीट की घटनाओं में गंभीर रूप से घायल दो से तीन मरीज भी शामिल थे। परिजनों का आरोप है कि समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीजों की हालत और बिगड़ सकती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक को फोन पर पूरी जानकारी दी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम का वीडियो अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। हालांकि, जांच शुरू होने से पहले फुटेज से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन मंडल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और पीड़ित मरीजों व उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने एसडीएम रोहित कर्दम एवं सिविल सर्जन को पत्र लिखकर दोषी चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पिंकेश कुमार ने बताया कि आरोपित चिकित्सक डॉ. अफजल को नोटिस जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
