नवगछिया : अनुमंडल कार्यालय में बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर एसडीओ ने सभी सीओ, बीडीओ, सीडीपीओ, चिकित्सा पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ शनिवार को बैठक की। बैठक में बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बाढ़ से बचाव के लिए 10 जगहों पर कटाव निरोधी कार्य हो रहा है। इस्माइलपुर तटबंध के स्पर एक, गोपालपुर तटबंध के स्पर छह, रंगरा चौक प्रखंड के झल्लूदास टोला, जहांगीरपुर बैसी, खरीक प्रखंड के लोकमानपुर, चोरहर, बिहपुर प्रखंड के गुवारीडीह में कटाव रोकने का कार्य किया जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गंगा व कोसी नदी में सिल्ट कटिंग चल रही है। लोकमानपुर के पास कोसी नदी में काफी सिल्ट जमा हो गया है। इससे नदी की धारा गांव की तरफ मुड़ गई है और गांव कटने का खतरा है। सिल्ट को हटाकर चैनल बना कर धारा को मोड़ा जायेगा। बांध व तटबंध को बचाने के लिए बालू का स्टॉक, मिट्टी भरी बोरियां जगह-जगह रखी जा रही हैं। वहीं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की गर्भवतियों, धात्री माताओं की सूची तैयार कर अंचल को सौंप दी गयी है।
चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ जनित बीमारियों की रोक थाम के लिए सभी दवाइयों का स्टॉक है। जरूरत पड़ने पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में चिकित्सा कैंप लगाया जायेगा। पीएचडी के पदाधिकारी उपस्थित नहीं थे। वे जिले में बैठक में गये थे। उन लोगों को निर्देश दिया गया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कहां-कहां शौचालय व हैंडपंप लगाया जायेगा, इसकी सूची उपलब्ध कराएं। सीओ ने बताया कि आपदा की स्थिति में उपयोगी सामान कहां-कहां मिलेगा, वैसे लोगों को चिह्नित कर लिया गया है। जरूरत पड़ने पर वहां से सामान की “खरीदारी की जाएगी।

