बिहपुर। नवगछिया एसडीओ यतेंद्र कुमार पाल गुरुवार को बिहपुर पहुंचे। उन्होंने प्रखंड व अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीओ करीब दो घंटे तक रुके और बीडीओ सतीश कुमार एवं सीओ बलिराम प्रसाद से जरूरी जानकारी ली।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निरीक्षण के दौरान बीडीओ नदारद थे लेकिन बाद में बीडीओ ने बताया कुछ काम से क्षेत्र में थे। एसडीओ अंचल अभिलेख भवन में फैली गंदगी को देख अंचल निरीक्षक बदरे आलम को फटकार लगायी। अभिलेख भवन में यहां-वहां पान का पिक थूका मिला। वहीं शौचालय तो पिकदान नजर आ रहा था। एसडीओ ने सीओ को साफ सफाई के निर्देश दिये। एसडीओ फिर आरटीपीएस कार्यालय पहुंचे। जहां उपस्थित कर्मी से कार्य की जानकारी ली।
इस दौरान कुछ राशन कार्ड के लाभुकों ने एसडीओ को बताया कि राशन कार्ड में नाम छूट गया है। इस पर कर्मियों को निर्देश दिये। सभी का आवेदन लें और काम करें। इसके बाद एसडीओ ई किसान भवन पहुंचे तो उन्होंने मधु प्रोसेसिंग यूनिट के कमरे ताला लटका पाया।

एसडीओ कौशल विकास केंद्र के पास ब्लॉक की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा मवेशी रख तबेला बना देने के बाबत सख्त दिखे और सीओ को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश देते हुये शाम तक रिपोर्ट सौंपने को कहा। उसके बाद एफसीआई गोदाम के सहायक प्रबंधक मंजीत कुमार से अनाज के बारे में जानकारी एवं रजिस्टर मांगा तो वे रजिस्टर नहीं दिखा पाये। सहायक प्रबंधक से रजिस्टर दो घंटे में दिखाने के निर्देश दिये।
