शाहकुंड के व्यवसायी की हत्या के प्रयास के आरोप में सेंट्रल जेल में बंद जिला परिषद के अध्यक्ष टुनटुन साह की मंगलवार को तबियत बिगड़ गई। पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें वार्ड-2 से इलाज के लिए जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां जेल डॉक्टरों ने उनकी जांच की और कुछ दवा दी। धीरे-धीरे दर्द कम हुआ। जांच के बाद डॉक्टरों ने टुनटुन साह को बताया कि पेट में गैस बन जाने के कारण अचानक दर्द उठा था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डॉक्टरों ने उन्हें खाना-पान को लेकर कई सुझाव दिये। ज्यादा देर तक भूखे नहीं रहने की सलाह दी। इलाज के बाद पुन: टुनटुन साह को वार्ड-2 में ले जाया गया। दिन भर टुनटुन साह ने आराम किया। परिवार के कुछ लोग मिलने भी आए थे। बता दें कि जब से टुनटुन साह जेल गए हैं, वे वहां का खाना और नाश्ता नहीं ले रहे हैं। घर से टुनटुन साह का खाना, नाश्ता, जूस आदि जा रहा है।

नकल की कॉपी लेने के बाद देंगे जिला जज की अदालत में जमानत की अर्जी
जिला परिषद के अध्यक्ष टुनटुन साह को अभी कुछ दिन और जेल में रहना पड़ सकता है। दरअसल उनकी नियमित जमानत की अर्जी जिला जज की अदालत में दी जानी है। लेकिन इससे पहले जमानत रद्द करने का ऑर्डरशीट व एफआईआर की कॉपी निकाली जाएगी। तभी जिला जज के यहां अर्जी दी जा सकती है। इसके लिए नकल की कॉपी लेने का आवेदन दिया गया है।
जानकार सूत्रों के अनुसार नकल की कॉपी लेने में तीन से चार दिन लग सकते हैं। बुधवार को स्वतंत्रता दिवस को लेकर सरकारी अवकाश और इसके बाद सप्ताह के तीन दिन बचते हैं। चौथे दिन रविवार है। अगर शनिवार तक नहीं मिली तो अगले सप्ताह ही ऑर्डरशीट की कॉपी मिल सकती है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
