गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के राजपथ पर भागलपुर के 19 बच्चे देंगे नृत्य की प्रस्तुति

भागलपुर / पटना

नई दिल्ली स्थित राजपथ पर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को किलकारी, भागलपुर के 19 बच्चे नृत्य की प्रस्तुति देंगे। बिहार से किलकारी के 150 बच्चों का चयन हुआ है। भागलपुर के अलावा पटना, गया और मुजफ्फरपुर के बच्चे भी गणतंत्र दिवस के मौके पर स्वच्छता गीत पर अपनी प्रस्तुति देंगे।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

किलकारी, भागलपुर के 19 बच्चे बुधवार को पटना के लिए रवाना हो गए। चार जनवरी को सभी बच्चे एक साथ दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भागलपुर से गई 19 बच्चों की टोली में तीन लड़के और 16 लड़कियां हैं। बच्चे 20 दिनों तक दिल्ली कैंप में रहकर अभ्यास करेंगे।

किलकारी के बच्चे 15 दिनों से नृत्य का अभ्यास कर रहे थे। सभी बच्चे कोलकाता स्थित इस्टर्न जोनल कल्चरल सेंटर के तत्वावधान में कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। कोलकाता की टीम ने पटना में आकर इन बच्चों के गीत और नृत्य के स्टाइल की जांच करने के बाद कार्यक्रम में आने की सहमति दी।

15 दिनों से बापू ने देखा है सपना… गीत के बोल पर बच्चों को किलकारी, भागलपुर में नृत्य का स्टेप सिखाया गया है। ट्रेन में चढ़ते समय बच्चे दिव्यांश, दीक्षा, स्वीटी, खुशबू व सौम्या ने बताया कि उन्हें काफी खुशी है कि वे गणतंत्र दिवस के मौके पर अपनी प्रस्तुति देंगे। बच्चों ने बताया कि स्वच्छता को लेकर सारा देश लगा हुआ है। हमारा नृत्य देखकर लोगों का स्वच्छता के प्रति प्रेम और भी बढ़ेगा।

इन बच्चों का हुआ है चयन
19 बच्चों की टीम में अंजली कुमारी, निधि कुमारी, राज नंदिनी, श्रेया शर्मा, मुस्कान, दिव्याशी शर्मा, खुशबू, सौम्या, प्रेरणा, अनिका, कोमल कुमारी, नीतीश कुमार, आदित्य कुमार, अमन आर्य, दिव्यांशी, दीक्षा, स्वीटी, मासूमी व संध्या कुमारी शामिल हैं। सभी बच्चे छठी से 11वीं तक के हैं।

2.40 सेकेंड का है कार्यक्रम
राजपथ पर बच्चों का कार्यक्रम 2:40 सेकेंड का है। 20 सेकेंड बच्चों को राजपथ पर इंट्री के लिए दिया गया है। बाकी 2:20 बजे तक बच्चे डांस की प्रस्तुति देंगे। बच्चों को टाइमिंग और रिहर्सल का प्रशिक्षण अब दिल्ली में 20 दिनों तक दिया जाएगा।