खुशखबरी : कुरसेला पुल का रिपेयरिंग वर्क शुरू, आज से बहाल हो सकता है आवागमन -Naugachia News

NEWS

कुरसेला में राष्ट्रीय उच्च पथ 31 पर कोसी नदी पर बने सड़क पुल पर रविवार से भारी वाहनों का आवागमन बहाल हो सकता है। शुक्रवार को पुल का गार्डर धंसने के बाद एनएचआई की टीम ने शनिवार को पुल की मरम्मत शुरू की।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

एनएचआई के सहायक अभियंता अम्बुज कुमार ने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए एनएचआई के टीम लीडर (टीएल) मो. शहनवाज सहित उनकी टीम कुरसेला आ चुकी है तथा सुबह से ही काम पर जुट गई है।

टीएल मो. शहनवाज ने बताया कि गार्डर में लगनेवाले स्प्रिंग और 250 टन क्षमता का जैक उपलब्ध कराया गया है। जैक से पुल के पिलर संख्या आठ के समीप धंसे गार्डर को ऊपर उठाया जायेगा। उन्होंने बताया कि धंसानवाले स्थल पर लकड़ी के मोटे-मोटे प्लेट लगाये जायेंगे तथा उसपर लोहे के रॉड की सहायता से उच्च वहन क्षमता वाले स्टील के चदरे को लगाने के बाद रविवार सुबह तक भारी वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जायेगा।

मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर
एनएचआई के सहायक अभियंता अम्बुज कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह तक पुल पर भारी वाहनों का परिचालन शुरू कर पहले महाजाम में फंसे बड़े वाहनों को निकालने की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने बताया कि मुख्य अभियंता के निर्देश पर वाहनों के परिचालन के साथ-साथ पुल की मरम्मत जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों में पुल को स्थायी रूप से दुरुस्त कर लिया जायेगा।

इधर सदर अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि पुल के धंसे गार्डर की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। बेगूसराय, खगड़िया एवं पश्चिम बंगाल से एनएचआई के विशेषज्ञों को बुलाया गया है।

कुरसेला सड़क पुल के गार्डर की मरम्म्त करते एनएचआई के अभियंता