खुलासा : 12 दिसंबर को नक्सली व माओवादी भागलपुर रेलवे स्टेशन पर हमला की साजिश, रेलवे स्टेशन की चौकसी कड़ी

भागलपुर / पटना

पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान जिले से एक तथाकथित टीएमसी नेता द्वारा रजिस्टर्ड डाक के जरिये भेजा गया पत्र भागलपुर रेलवे प्रशासन को मिला। इस पत्र के जरिये बताया गया कि 12 दिसंबर को नक्सली व माओवादी भागलपुर रेलवे स्टेशन पर हमला कर लोगों को मार सकते हैं। यहां तक बम विस्फोट जैसे वारदात को भी अंजाम दे सकते हैं। रेल प्रशासन ने पत्र को गंभीरता से लिया और इसकी जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रेलवे स्टेशन की चौकसी कड़ी
धमकी के मद्देनजर एक तरफ जहां पुलिस व रेल के अधिकारी मामले की जांच में जुट गई है तो वहीं एहतियातन रेलवे स्टेशन की चौकसी और कड़ी कर दी गयी। मंगलवार की रात में जीआरपी, आरपीएफ व भागलपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से भागलपुर रेलवे स्टेशन व परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान हर संदिग्धों की तलाशी ली गयी।

खुद को पूर्व प्रधान व टीएमसी नेता बताया
19 नवंबर को भागलपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मैनेजर को रजिस्टर्ड पत्र भेजने वाले ने खुद को पूर्व प्रधान व टीएमसी नेता बताया। उसने पत्र में लिखा है कि उसने विश्वस्त सूत्रों के जरिये जाना है कि नक्सल एवं माओवादी समूह भागलपुर रेलवे स्टेशन पर हमला करेंगे। वे लोग कई लोगों को मार डालेंगे और 12 दिसंबर को बम ब्लास्ट होगा। आपसे निवेदन है कि इस मामले को देखें और जल्द से जल्द जरूरी कार्रवाई करें।

टीम गयी है पत्र व धमकी मामले की जांच करने : एसपी
पत्र के बाबत रेल एसपी जमालपुर आमिर जावेद ने कहा कि जीआरपी व नागरिक पुलिस की संयुक्त टीम पत्र व धमकी से जुड़े मामले की जांच करने के लिए बर्द्धमान जिला निकल चुकी है। टीम की रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम कड़े : आईजी
जोनल आईजी सुशील मान सिंह खोपड़े ने कहा कि मामले की जांच करायी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे स्टेशन एवं परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। पत्र का सत्यापन कराया जा रहा है।