खरमास का समापन गुरुवार को हो जाएगा। इसके साथ ही शुभ कार्य होने लगेंगे। बैंड-बाजा की धुन भी गुरुवार से सुनाई देने लगेगी। इस महीने 14, 15, 17, 19, 20, 21, 22, 23, 27, 28, 29 को शादी का शुभ मुहूर्त है। इस बार शादी-विवाह पर महंगाई की भी मार है। शादी-विवाह के खर्च में औसतन 25 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गोलाघाट के टेंट संचालक दीपक कुमार ने बताया कि टेंट, बिजली-जेनरेटर व सजावट की बुकिंग 30 प्रतिशत तक महंगी हो गई है। पहले एक मजदूर 400 रुपये लेता था। अब उसका मेहनताना 550 रुपये हो गया है। इसके साथ ही ठेला भाड़ा 70 से बढ़कर 125 रुपये हो गया है। बांस 140 से बढ़कर 170 रुपये प्रति पीस हो गया है।
कैटरर लालू शर्मा ने बताया कि महंगाई के कारण वेज-नॉनवेज की कीमत भी बढ़ गयी है। विभिन्न कैटरर के यहां वेज में न्यूनतम प्लेट 800 रुपये से कम नहीं है, जबकि नॉनवेज प्लेट की कीमत 12 सौ रुपये हो चुकी है। हर प्लेट में 250 से 300 रुपये की वृद्धि हुई है।

होटल की सजावट भी हुई महंगी
एक होटल के मैनेजर शकील आजाद ने बताया कि इस सीजन में अभी तक चार शादी उनके होटल में बुक हो चुका है। इस बार महंगाई का असर भी दिख रहा है। शादी-विवाह के मौसम में सजावट भी महंगी हो चुकी है। महंगाई के कारण होटल से विवाह करने में औसतन 15 से 20 प्रतिशत लागत बढ़ गयी है। वहीं शादी में बैंड-बाजा बजाना भी अब महंगा हो चुका है। पिछले साल औसतन 18 लोगों की टीम की 30 से 35 हजार हजार लेती थी, जो अब बढ़कर 45 से 50 हजार रुपये लेने लगी है। एक बैंड संचालक मो. शकील ने बताया कि बैंड बजाने के लिए बाहर से कलाकार बुलाना पड़ता है। उन्होंने अपनी कीमत बढ़ा दी है। इस बार लग्न काफी तेज है, इसलिए पार्टी का काम लेने के बाद कलाकारों को मैनेज करने में भी परेशानी आ रही है। वहीं शादी-विवाह में कार की कीमत भी बढ़ी हुई है। एक ट्रैवल्स एजेंसी के संचालक संजीव सिंह ने बताया कि लग्न के कारण अलग-अलग गाड़ियों के भाड़े में दो से तीन सौ रुपये की वृद्धि हुई है।
मई में जमकर होंगी शादियां
जगन्नाथ मंदिर के पंडित सौरभ कुमार मिश्रा ने बताया कि मई में 2,3, 4, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 18, 19, 20, 24, 25, 26, 31 , जून 1, 5, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 21, 22, 23 व 26, जुलाई में 2, 3, 5, 6, 8, नवंबर में 4, 26, 27, 28 व दिसंबर में 2, 3, 4, 7, 8, 9, 12, 13, 14 व 15 को विवाह का शुभ मुहूर्त है। यह मुहूर्त मिथिला व काशी पंचांग के अनुसार है।
