खगड़िया जिले में एक महिला बीडीओ द्वारा आत्महत्या के प्रयास की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि प्रेम संबंध में तनाव के चलते बीडीओ साहिबा ने बीती रात अपने बाएं हाथ की नस काट ली। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मेडिकल कॉलेज में पूरी रात इलाज के बाद जब उनकी हालत में सुधार हुआ तो उन्हें आवास भेज दिया गया, लेकिन सुबह करीब आठ बजे फिर से सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। पूरे दिन अस्पताल में प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही बनी रही। सुरक्षा के मद्देनज़र आईसीयू के बाहर पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया था।
देर रात आया होश, पिता से की वीडियो कॉल
सूत्रों के अनुसार देर रात बीडीओ साहिबा को होश आया, जिसके बाद उन्होंने सबसे पहले अपने पिता से वीडियो कॉल पर बात की। इसी बीच शहर में उनके प्रेम संबंधों की चर्चा तेज हो गई। बताया जा रहा है कि उनका अपने ही कनिष्ठ पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो पिछले कुछ महीनों से चर्चा में था।

शादी को लेकर विवाद बना वजह
जानकारी के मुताबिक बीडीओ साहिबा प्रेमी अधिकारी पर शादी का दबाव बना रही थीं, लेकिन उन्होंने फिलहाल इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर मंगलवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आक्रोश में आकर महिला अधिकारी ने पहले नींद की गोलियों की ओवरडोज लेने की कोशिश की और असफल रहने पर ब्लेड से हाथ की नस काट ली।
हालांकि इस पूरे मामले की प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, प्रखंड कार्यालय से बीडीओ का नेम प्लेट हटाया जाना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल बीडीओ की हालत स्थिर बताई जा रही है और वे खतरे से बाहर हैं। मामले को लेकर प्रशासन सतर्क है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
