विक्रमशिला सेतु पर दर्दनाक हादसा, ट्रक के धक्के से बेटे की मौत और पिता घायल -Naugachia News

Crime Reoprts

नवगछिया : परवत्ता थाना क्षेत्र के विक्रमशिला सेतु पर एक ट्रक के चपेट में आने से बाइक सवार खगड़िया जिले के बछौता निवासी कंप्यूटर कोचिंग संचालक आशीष कुमार 25 की दर्दनाक मौत हो गयी. घटना के तुरंत बाद बालू लदे ट्रक के नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक युवक की मौत हो गयी थी. जबकि इस हादसे में कोचिंग संचालक के पिता शंकर ठाकुर बाल बाल बच गये, वे आंशिक रूप से घायल हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय यात्रियों के सहयोग से शव को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया, जहां युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परवत्ता पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है.

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

– बाल बाल बचे कोचिंग संचालक के पिता

– रूद क्रंदन से गमगीन हुआ अनुमंडल अस्पताल का माहौल

– भागलपुर के बरारी से घर जा रहे थे पिता पुत्र

घटना के तुरंत बाद मौके से बालू लदे ट्रक का चालक फरार हो गये जबकि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है. घटना के बाबत अज्ञात चालक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे खगड़िया के बछौता पंचायत के मुखिया सुनील कुमार मेहता ने बताया कि आशीष अपने पिता के साथ शनिवार को भागलपुर अपने मौसा रंजीत ठाकुर के यहां गया था. रविवार को सुबह करीब नौ बजे वे लोग पुन: खगड़िया के बछौता लौट रहे थे.

युवक अपने पिता को मोटरसाइकिल पर बिठा कर अपनी साइड से जा रहा था लेकिन पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही ट्रक ने मोटरसाइकिल को अपने चपेट में ले लिया. इस क्रम में युवक के पिता सेतु के रैलिंग के पास जा गिरे तो युवक मोटरसाइकिल पर फंस गया और वह ट्रक के पहियों के नीचे आ गया. उसका शव बुरी तरह से क्षत विक्षत हो गया था. नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में बछौता गांव से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. मालूम हो कि युवक की शादी करीब चार साल पहले नवगछिया पुलिस जिले के नारायणपुर गांव में ही हुई थी.

उसे चार माह की एक बच्ची भी है. मुखिया सुनील कुमार मेहता ने बताया कि युवक अपने गांव में काफी लोकप्रिया था इसी कारण घटना की सूचना मिलते ही गांव से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच गये हैं. ग्रामीणों ने युवक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग और ट्रक चालक को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की मांग की है. इधर परवत्ता थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने कहा कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. ट्रक चालक और इसके मालिक का पता लगाया जा रहा है.