जल संसाधन विभाग की खुली पोल, सड़क पर जमा है डेढ़ फीट कीचड़, लापरवाही-Naugachia News

गोपालपुर
नवगछिया : नवगछिया इस्माइलपुर मुख्य सड़क के लक्ष्मीपुर लोहा पुल के पास करीब 500 मीटर तक आरडब्लूडी सड़क पर डेढ़ फीट कीचड़ जमा रहने और ग्रामीणों द्वारा बार-बार मांग किए जाने के बाद भी जल संसाधन विभाग द्वारा इसे चलने लायक नहीं बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने इस्माइलपुर लोहा पुल के पास ही अनिश्चित कालीन धरना पर बैठ गए हैं. ग्रामीणों का नेतृत्व इस्माइलपुर के जिला पार्षद विपिन कुमार मंडल कर रहे हैं. ग्रामीण सुबह से ही धरना पर बैठे हुए हैं और ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क को चलने लायक नहीं बना दिया जाता तब तक वे लोग इसी तरह धरना पर बैठे रहेंगे. कुछ विभागीय पदाधिकारियों ने दोपहर बाद ग्रामीणों को सकारात्मक आश्वासन भी दिया लेकिन ग्रामीणों ने कहा कि अभी तत्कालिक रूप से कार्य शुरू किया जाए फिर वह लोग धरना को समाप्त कर देंगे. मालूम हो कि उक्त सड़क इस्माइलपुर प्रखंड के 4 पंचायतों के साठ हजार आबादी को जिला मुख्यालय व अनुमंडल मुख्यालय से जोड़ने वाली एक मात्र सड़क है. ग्रामीणों का कहना है कि वाहनों से इस तरफ पर चलने की बात तो दूर पैदल चलना भी काफी कठिन है.
बांध बनाने के क्रम में सड़क पर जमा हो गई डेढ़ फीट मिट्टी
पिछले वर्ष 12 छतिग्रस्त गंगाप्रसाद बांध की मरम्मती के क्रम में लक्ष्मीपुर इस्माइलपुर के लोहा पुल के पास करीब 500 मीटर सड़क पर डेढ़ फीट तक मिट्टी जमा हो गई. इस्माइलपुर के जिला परिषद विपिन कुमार मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि विभागीय पदाधिकारी को उन्होंने करीब एक माह पहले सड़क पर मिट्टी जमा हो जाने की बात कही थी. उस वक्त पदाधिकारी को यह भी ध्यान दिलाया गया था कि फिलहाल अभी सूखा दिन है इसलिए कोई समस्या नहीं है लेकिन जैसे ही बरसात होगी तो सड़क कीचड़ में हो जाएगा और फिर लोगों का चलना दूभर हो जाएगा. जिला पार्षद ने कहा कि समस्या से समय से पहले अवगत करा देने के बाद भी पदाधिकारी ने ग्रामीणों की इस समस्या पर संज्ञान नहीं लिया और सड़क को दुरुस्त नहीं कराया गया.

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उन्होंने इस मामले को नवगछिया अनुमंडल कार्यालय में आयोजित बाढ़ अनुश्रवण समिति की बैठक में भी उठाया लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई. अब स्थिति यह है कि हर 1 घंटे सड़क पर दो या तीन वाहन कीचड़ में फंसे नजर आते हैं. लोगों को वाहनों से चलने में ही नहीं वरन पैदल चलने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. नवगछिया अनुमंडल को इस्माइलपुर से जुड़ने वाली का एकमात्र सड़क है. इसके प्रति प्रशासनिक पदाधिकारियों की संवेदन शून्यता आश्चर्यजनक है. इस्माइलपुर के जिला परिषद विपिन कुमार मंडल ने कहा कि सड़क को जल संसाधन विभाग और बांध निर्माण करने वाली एजेंसी द्वारा खराब किया गया है. सड़क को चलने लायक बनाने की जिम्मेदारी भी इन्हीं लोगों की बनती है. धरना कार्यक्रम में जिला पार्षद विपिन कुमार मंडल, जिला पार्षद प्रतिनिधि अवधेश शर्मा, रोशन कुमार, मिथिलेश कुमार, मनोज कुमार, सरपंच मीना देवी, प्रणव कुमार, नंदलाल कुमार, विकास मंडल, चंद्रदेव मंडल, अखिलेश कुमार, दीपक कुमार, सौरभ कुमार, अनिल कुमार आदि अन्य ग्रामीण भी उपस्थित थे.
कहते हैं पदाधिकारी
जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता वीरेंद्र प्रसाद ने कहा कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए सड़क को जल्द ही चलने लायक बना दिया जाएगा.