अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के बाद फेसबुक पर आलोचना किये जाने पर कथित तौर पर कुछ लोगों ने महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संजय कुमार की जमकर पिटाई कर दी. इस संबंध में प्रो संजय कुमार ने कहा है कि ‘कुछ तत्व वीसी के खिलाफ बोलने के लिए मुझे लक्षित कर रहे हैं और यह एक और बहाना था.’
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के मुताबिक, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संजय कुमार पर कुछ लोगों ने शुक्रवार को उनके आवास पर धावा बोल कर हमला बोल दिया. साथ ही घर से बाहर खींच कर उनकी जम कर पिटाई की. बताया जाता है कि आक्रोशित लोगों ने पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाने का भी प्रयास किया. हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उनकी जान बचायी. घटना की सूचना पर कॉलेज के छात्र उन्हें अस्पताल ले गये और भरती कराया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.

इस संबंध में प्रो. संजय कुमार ने आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने कहा है कि पेट्रोल छिड़क कर जान मारने की नीयत से हमला किया गया है. हमलावरों ने घर से खींच कर डॉ डी नाथ आवास तक मारपीट करते हुए ले गये. इस संबंध में राहुल आर पांडेय, सन्नी वाजपेयी, अमन बिहारी वाजपेयी, पुरुषोत्तम मिश्र समेत करीब 20-25 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. प्रो. संजय ने बताया कि हमलावर कह रहे थे कि कुलपति, प्रो पवनेश, प्रो दिनेश का खिलाफत करते हो, सुधर जाओ, नहीं तो जान से मार देंगे. मामले में नगर इंस्पेक्टर आनंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
