बिजली बिल में गड़बड़ी की जांच के लिए टीम गठित किया जाएगा। नवगछिया के एक मामले में विद्युत कार्यपालक अभियंता के आग्रह पर डीएम ने टीम गठित करने का निर्देश दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नवगछिया के श्रीपुर निवासी लाल बिहारी सिंह ने लोक शिकायत निवारण के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा था कि 2002 से 2011 तक ट्रांसफार्मर जलने के चलते बिजली की आपूर्ति नहीं हुई। इसके बावजूद बिजली बिल भेजा गया। सिंह ने बिजली बिल को माफ करने का आग्रह किया था। इस आशय की शिकायत मुख्य सचिव से भी की गई थी। विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल भागलपुर (ग्रामीण) ने शिकायत का निपटारा करने के लिए टीम गठित करने के लिए पत्र भेजा था।

वरीय उपसमाहर्ता सह सामान्य शाखा के प्रभारी दीपू कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर एक-दो दिन में टीम का गठन किया जाएगा। अधिकारियों की टीम नवगछिया के अलावा इससे संबंधित अन्य शिकायतों की भी जांच करेगी। सनोखर थाना के अगैया के ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर जलने के बावजूद बिजली बिल निर्गत करने की शिकायत की थी। इसकी जांच के लिए बिजली विभाग द्वारा टीम का गठन किया गया है। जांच टीम में एक पदाधिकारी को शामिल करने का अनुरोध बिजली विभाग द्वारा किया गया है। उस टीम में भी एक पदाधिकारी को शामिल किया जाएगा। वरीय उपसमाहर्ता ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बिजली विभाग बिल में सुधार करने का निर्णय लेगा।
