बड़ी खबर : भागलपुर सहित नक्सल प्रभावित इलाकों में रात स्टेशन पैनल फूंक दिया, मचा कोहराम

भागलपुर / पटना

भागलपुर, लखीसराय, मुंगेर सहित नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सलियों ने कोहराम मचा रखा है। मंगलवार की रात स्टेशन पैनल फूंक दिया तो वहीं उपमुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भागलपुर: नक्सलियों ने आज यानि 20 दिसंबर को बिहार-झारखंड बंद का ऐलान कर रखा है। इससे पहले नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया है। मंगलवार की रात किऊल-भागलपुर रेलखंड पर मसुदन रेलवे स्टेशन के एएसएम मुकेश कुमार एवं पोर्टर निलेंद्र मंडल को अगवा करने के साथ ही मसुदन स्टेशन के केबिन पैनल को आग के हवाले कर दिया। अगवा रेलकर्मियों को नक्सलियों ने अभी-अभी मुक्त कर दिया है।

इसके साथ ही नक्सलियों ने चानन थाना क्षेत्र के संग्रामपुर पंचायत के उप मुखिया वीरेंद्र कोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके गोलियों से छलनी किए शव को जंगल में फेंक दिया। उपमुखिया का शव बरामद होने के बाद उस इलाके में दहशत व्याप्त है।

आज पूरे दिन ट्रेन परिचालन को बाधित रखने का किया है एलान

मसुदन रेलवे स्टेशन के पैनल को आग के हवाले करने के बाद नक्सलियों ने दो रेलकर्मियों को अगवा कर पूरे दिन ट्रेन परिचालन बाधित रखने का एलान किया है। उनके इस आह्वान के मद्देनज़र किउल-जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर अगले आदेश तक के लिए आज रेल परिचालन बंद कर दिया गया है।

रेल खंड के मसुदन स्टेशन के केबिन पैनल में मंगलवार की आधी रात 15-20 की संख्या में नक्सलियों ने आग के हवाले करते हुए ड्यूटी पर रहे एएसएम मुकेश कुमार एवं पोर्टर नरेंद्र मडल को अगवा कर लिया था और उन्हें चौबीस घंटे के बाद नक्सलियों ने रिहा कर दिया।

अगवा एएसएम के मोबाइल से ही लखीसराय डीएम के मोबाइल पर नक्सलियों ने मैसेज भेजकर दिन भर ट्रेनों का परिचालन बंद रखने अन्यथा दोनों रेलकर्मियों की हत्या कर दिए जाने की धमकी दी है। एसपी अरविन्द ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। अभयपुर स्टेशन से ट्रेन परिचालन बंद रखने की घोषणा की गई है।

उपमुखिया वीरेंद्र कोड़ा की गोली मारकर हत्या

नक्सल प्रभावित चानन थाना क्षेत्र के संग्रामपुर पंचायत के उप मुखिया वीरेंद्र कोड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इससे पहले उसे अगवा कर लिया गया और गोलियों से उसके शरीर को छलनी कर हत्या के बाद लाश जंगल में फेंक दिया। वीरेंद्र कोड़ा भी पूर्व में नक्सली आरोप में जेल जा चुका है। ग्रामीण बता रहे हैं कि नक्सलियों ने ही घटना को अंजाम दिया है।

वीरेंद्र कोड़ा कछुआ गांव का रहने वाला था। नक्सलियों ने उसकी हत्या पुलिस मुखबिरी एवं संगठन के साथ धोखा देने के आरोप में की है। वीरेंद्र पूर्व में नक्सली आरोप में गिरफ्तार भी हो चुका है। हत्या को लेकर क्षेत्र में फिर से नक्सली खौफ व्याप्त हो गया है।

मजदूरों को नक्सलियों ने खदेड़ा

चन्द्रमंडी थानाक्षेत्र के घुटवे पंचायत के बालू घाट से अवैध रूप से बालू उठा रहें ट्रैक्टर ड्राइवर एवं मजदूर को 10-15 की संख्या में वर्दी एवं हथियार से लैस माओवादियों ने खदेड़ा।

गया में भी दिख रहा नक्सलियों के बंद का असर

प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने ऑपरेशन ग्रीन हंट और हमले में सेना के अस्त्र शस्त्र के इस्तेमाल के विरोध में 20 दिसंबर को बिहार-झारखंड बंद का आह्वान किया है।

गिरिडीह के मधुबन में मिले बिहार झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी की प्रेस रिलीज से इसकी पुष्टि हुई है। प्रेस रिलीज में 18 और 19 दिसंबर को विरोध दिवस, 19 को मशाल जुलूस और 20 दिसंबर को 24 घंटे का बिहार झारखंड बंद का आह्वान किया गया है।

गया के नक्सल प्रभावित इलाकों में बंद का दिख रहा असर

नक्सली संगठन भाकपा माओवादियों ने ऑपरेशन ग्रीन हंट के खिलाफ 20 दिसंबर यानी आज बिहार और झारखंड के बंद का आह्वान कर रखा है। शेरघाटी अनुमंडल के डुमरिया इमामगंज बांके बाजार और गुरुआ क्षेत्रों में बंदी का साफ असर देखने को मिल रहा है।

इन सभी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बाजार बंद है। यात्री बस पूर्ण रुप से बंद है जबकि टेंपो का परिचालन हो रहा है। नक्सलियों की ओर से किसी बड़ी घ टना को अंजाम देने की आशंका को लेकर पूरी एहतियात बरती जा रही है। इसके लिए पुलिस मुस्तैदी से गश्ती कर रही है।

फरक्का एक्सप्रेस को सुल्तानगंज में रोका गया

दिल्ली जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस को सुल्तानगंज में रोक दिया गया है। घटना के डेढ़ घंटे तक न जमालपुर रेल पुलिस मौके पर पहुंची और न ही आरपीएफ। हालांकि किऊल-जमुई सेक्शन पर सीआरपीएफ और पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर दिया।

बीस दिसंबर को नक्सलियों ने बंद का आह्वान किया है। इसको लेकर जमालपुर रेल एसपी शंकर झा ने शाम में ही टीम को अलर्ट रहने को कहा था। रात करीब साढ़े बारह बजे बीस की संख्या में नक्सली मसूदन स्टेशन पहुंचे और स्टेशन मास्टर के केबिन को घेर लिया। इसके बाद एएसएम को बाहर बुलाकर बंधक बना लिया और पैनल में आग लगा दी।

दो घंटे पहले जीएम भी गुजरे थे

पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक हरिन्द्र राव जमालपुर स्टेशन पर अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने पहुंचे थे। वे स्पेशल ट्रेन से रात लगभग साढ़े दस जमालपुर से हावड़ा के रवाना हुए।