भागलपुर : विक्रमशिला पुल पर जाम से निजात दिलाने के लिए डीआईजी विवेकानंद के प्रयास से पुलिस मुख्यालय ने दो बड़ा क्रेन भागलपुर को उपलब्ध करा दिया है। विक्रमशिला पुल पर भागलपुर और नवगछिया की तरफ दोनों क्रेनों की तैनाती रहेगी। विक्रमशिला पुल पर भारी वाहनों के खराब होने से घंटों लगने वाले जाम से अब निजात मिलेगी। पुल पर भारी वाहनों के खराब होने से घंटों जाम लगता था जिसे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खराब हुए वाहनों को हटाने के लिए निजी क्रेन को मंगवाया जाता था जिसमें घंटों समय लग जाता था। अब इस तरह की परेशानी नहीं होगी। भारी वाहनों के खराब होते ही पुल के पास लगे बड़े क्रेन से उस वाहन को कुछ ही मिनटों में वहां से हटा दिया जाएगा जिससे लंबा जाम नहीं लगेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डीआईजी विवेकानंद ने बताया कि भागलपुर में योगदान देने से पहले ही उन्हें विक्रमशिला पुल पर जाम को लेकर लोगों से जानकारी मिली थी। तभी उन्होंने सोचा था कि जाम से लोगों को निजात दिलाने को लेकर वे जरूर कुछ करेंगे। उन्होंने पुलिस मुख्यालय को दो बड़े क्रेन उपलब्ध कराने का आग्रह किया था जिसे मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
तीनों जिलों के एसडीपीओ के साथ डीआईजी ने की बैठक
डीआईजी विवेकानंद ने सोमवार को रेंज के जिलों भागलपुर, बांका और नवगछिया पुलिस जिले के सभी एसडीपीओ के साथ बैठक की। इस दौरान डीआईजी ने सभी एसडीपीओ को अपराध नियंत्रण, गंभीर अपराध में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, बेहतर अनुसंधान, लंबित कांड और आपराधिक घटनाओं के बाद एफएसएल की टीम के घटनास्थल पर जाकर जांच करने से संबंधित जरूरी निर्देश दिए। डीआईजी ने कहा कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने को कहा गया है। इसके साथ ही लंबित कांडों की संख्या में भी कमी लाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी आपराधिक घटनाओं में एफएसएल की टीम जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे यह सुनिश्चित करने के लिए सभी एसडीपीओ को निर्देश दिया गया है।

