भागलपुर में खुलेगा खादी मॉल व डाय हाउस.. शिलान्यास भी जल्द कराया जायेगा : शाहनवाज

भागलपुर / पटना

भागलपुर में खादी मॉल व डाय हाउस बनेगा। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने रविवार को रेशम भवन में बिहार स्पन सिल्क मिल के कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान पर आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बुनकरों के विकास के लिए उन्हें पर्याप्त ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाएगी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मंत्री ने कहा कि भागलपुर में नया डाय हाउस तीन से चार करोड़ की लागत से बनेगा। इसके साथ प्रशिक्षण सह छात्रावास का निर्माण आठ करोड़ से शुरू होगा। यहां बुनकरों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। बुनकर परिवार की बेटियों की शादी व अन्य कार्यक्रम के लिए उद्योग विभाग की जमीन चिह्नित कर उस पर शेड बनाया जायेगा। मंत्री ने कहा कि पूर्णिया व मुजफ्फरपुर में आठ-आठ करोड़ की लागत से खादी मॉल बनेगा। इस कड़ी में अब भागलपुर का नाम भी जुड़ गया है। यहां नया बाजार व अन्य जगहों पर काफी जमीन है। जमीन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद खादी मॉल खोला जायेगा। इसके अलावा यहां जल्द ही यार्न बैंक के साथ हैंडलूम पार्क खोला जायेगा। उन्होंने कहा कि भागलपुर में 40.10 करोड़ की लागत से बनने वाले सिपेट के वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके निर्माण और स्थापना के लिए प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। शिलान्यास भी जल्द कराया जायेगा।

शाहनवाज ने कहा कि भागलपुर में बुनकरों की सुविधा के लिए डिजाइन स्टूडियो तैयार है, जिसका जल्द उद्घाटन होगा। उन्होंने कहा कि नाथनगर स्थित राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के जीर्णोद्धार के लिए खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह किया था। 100 करोड़ की लागत से कॉलेज का जीर्णोद्धार कराया जायेगा। इसकी डीपीआर बन चुकी है। उन्होंने बताया कि भागलपुर के लोदीपुर में बुनकरों के लिए एक क्लस्टर पहले से ही स्वीकृत है। 10 करोड़ की लागत से अन्य कई क्लस्टर भी शुरू किए जाएंगे, जिनसे ज्यादा से ज्यादा बुनकरों को लाभ हो सके। मंत्री ने बताया कि मुंगेर से मिर्जाचौकी सड़क बननी शुरू हो गई है। अब खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलेन सड़क बनायी जायेगी।

30 कर्मचारियों को सांकेतिक रूप से बांटी गई राशि

रेशम भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्पिन मिल के 30 कर्मचारियों के बीच सांकेतिक रूप से राशि बांटी गयी। मंत्री ने कहा कि 352 कर्मचारियों के बीच 15 करोड़ 60 लाख रुपये डिजिटल पेमेंट के माध्यम से सभी के खाते में चला जायेगा। इस दौरान जमादार पासवान, उर्मिला देवी, रामानंद सिंह, मो. अलम, भोला प्रसाद झा आदि को राशि दी गयी। उर्मिला देवी राशि पाने के बाद रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि वो उम्मीद हार चुकी थीं। मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार के पास 58 करोड़ रुपये बकाया है। वह खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर रुपये बिहार लायेंगे।

विधायक ने मंत्री की तारीफ की

कार्यक्रम में विधायक अजीत शर्मा ने बताया कि स्पन मिल की करोड़़ों की जमीन को 30 साल के लिए लीज पर दे दिया गया था। इस मुद्दे को उन्होंने विधानसभा में उठाया था। इसके बाद मंत्री ने लीज को रद्द कर दिया। इस मौके पर उन्होंने शाहनवाज हुसैन की जमकर तारीफ की। कहा कि रेशमी शहर की रौनक वापस लाने के लिए काफी प्रयास कर रहे हैं। वहीं मंत्री ने भी विधायक का तारीफ करते हुए स्पन मिल की जमीन पर ध्यान दिलाने की बात कही।

भागलपुर होगा विकसित

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत पूरे राज्य में 16 हजार नए उद्यमियों का दस-दस लाख रुपये की सहायता के लिए चयनित किया गया है। इनमें 426 लाभुक भागलपुर के हैं। उन्होंने कहा कि भागलपुर की पहचान कतरनी चूड़ा, रेशम, हथकरघा, मंजूषा शैली की पेंटिंग आदि के विकास के लिए वो उद्योग विभाग के माध्यम से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भागलपुर से उनका रिश्ता निस्वार्थ है और पुराना है। लेकिन पूरे बिहार राज्य का मंत्री होने के चलते उन्हें बिहार की 14 करोड़ अवाम की चिंता करनी है। उद्योग विभाग के विशेष सचिव दिलीप कुमार ने अतिथियों का स्वागत व जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक संजय कुमार वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कायर्क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय, संतोष कुमार, जिप के उपाध्यक्ष पप्पू यादव, एमएलसी प्रतिनिधि नमय कुमार चौधरी, पूर्व उपमेयर प्रीति शेखर, हरिवंशमणी सिंह, प्रमोद प्रभात, श्वेता सिंह, आलोक सिंह, अश्विनी मोंटी आदि मौजूद थे।

जिप अध्यक्ष ने नहीं पहनी थी मास्क

मंत्री मंच से सभी से मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का अनुरोध कर रहे थे। इस दौरान मंच पर जिप अध्यक्ष टुनटुन साह मास्क नहीं पहने थे। इस पर मंत्री का ध्यान जैसे गया तो उन्होंने तुरंत मास्क पहना।

यूपी में भाजपा की बनेगी सरकार

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार दोबारा बनने जा रही है। यूपी तरक्की के रास्ते पर है। वहीं उन्होंने कहा कि 23 जनवरी को जो नेशनल हैंडलूम एक्सपो मेला लगना था वो कोरोना के कारण रद कर दिया गया है। अब माहौल सामान्य होने से मेला लगाया जायेगा।