नवगछिया : अपराधियों ने सोनू राय को दौड़ा दौड़ा कर मारी गोली.. करीब आठ चक्र गोलियां चलायी -Naugachia News

Crime Reoprts

नवगछिया : बैखौफ अपराधियों ने गुरुवार को नवगछिया पुलिस जिले के परवत्ता थाना क्षेत्र के विक्रमशिला पुल पहुच पथ पर जगतपुर गांव के पास गुरूवार की सुबह 7.52 बजे खरीक उत्तरी क्षेत्र के कांग्रेस नेता जिला पार्षद तुलसीपुर निवासी गौरव राय के बड़े भाई कुमार ऋतुध्वज उर्फ सोनू राय 41 की गोली मार कर हत्या कर दी है। अपराधियों ने सोनू राय को दौड़ा दौड़ा कर गोली मारी है।घटना स्थल पर ही सोनू राय की मौत हो जाने की बात कही जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों ने करीब आठ चक्र गोलियां चलायी जिसमें पांच गोली सोनू राय को लगी है।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अपराधियों ने सोनू राय को सिर, बायें कांधे और पीठ व सीने पर गोलियां मारी है। घटना के बाद अपराधी भागलपुर की ओर भाग गये। सूचना मिलने के बाद सबसे पहले मौके पर परवत्ता पुलिस पहुंची फिर परिजन पहुंचे।परिजनों ने जिला पार्षद गौरव राय के आने तक शव को घटना स्थल ने नहीं उठने देने की बात कही। देखते ही देखते घटना स्थल पर नवगछिया पुलिस जिले के विभिन्न थानों की पुलिस बल पहुंच गये। घटना स्थल पर लोगों की अत्यधिक आवाजाही से विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर सुबह से ही जाम लग गया। नवगछिया के एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती, नवगछिया की एसपी निधि रानी ने घटना स्थल पर पहुंच कर आवश्यक छानबीन की है तो फोरेंसिक एक्सपर्ट ने घटना स्थल पर पहुंच कर विभिन्न तरह के साक्ष्यों को भी इकट्ठा किया है।

स्थल से कारतूस का दो खोखा भी बरामद किया गया है। घटना के वक्त जिला पार्षद गौरव राय पटना में थे। घटना की सूचना मिलते ही वे पटना से तुरंत रवाना हो गये। करीब डेढ़ बजे दिन में गौरव राय के घटना स्थल पर पहुंचने के बाद शव को परवत्ता पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। देर शाम पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया था। इधर पुलिस से जानकारी मिली है कि सोनू राय की हत्या मामले में पुलिस ने तुलसीपुर गांव के ही मुरली राय को गिरफ्तार कर लिया है। देर शाम तक नवगछिया पुलिस के वरीय पदाधिकारी मुरली राय ने पूछ ताछ कर रहे थे। पुलिस ने हत्या का कारण चुनावी रंजिश बताया है।

मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

– भागलपुर से ही पीछा कर रहे थे अपराधी

बुधवार को शाम में सोनू राय भागलपुर स्थित अपने आवास पर गये हुए थे। गुरूवार की सुबह उन्होंने अपने दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ा और तुलसीपुर के लिए अपने मोटरसाइकिल से रवाना हो गये। जानकारी मिली है कि भागलपुर से ही अपराधी उनका पीछा कर रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो एक नीले रंग की और एक सफेद रंग की अपाची बाइक पर सवार कुल चार अपराधी उनका पीछा कर रहे थे। जगतपुर मवेशी हाट के पास बाइकरों ने सोनू राय को पीछे से ही गोली मार दी जो उनके पीठ में लगी।

सोनू राय रूके नहीं और आगे बढ़ते गये। जगतपुर गांव के पास जहां बुधवार को एक ट्रक पलट गयी थी वहां से 50 मीटर दूर अपराधियों ने सोनू राय के बाइक को आवेरटेक कर लिया और रास्ता रोक लिया। इसके बाद सोनू राय बाइक को छोड़ कर पीछे की तरफ भागे। कहा जा रहा है कि इस क्रम में सोनू राय हेलमेट पहने हुए थे और मोबाइल से बात कर रहे थे। इसी दौरान उनके साथ घटना हुई। घटना के दौरान फोन पर वह तुलसीपुर के ही पिंटू राय को घटना की जानकारी दे रहे थे। जिस जगह पर गिट्टी लदी ट्रक पलटी थी वहां पर कुछ मजदूर गिट्टी अनलोड कर रहे थे। जख्मी अवस्था में सोनू राय मजदूरों के घेरे के बीच घुसना चाह रहे थे। लेकिन अपराधियों ने उन्हें दौड़ा दौड़ा कर दबोच लिया फिर अंधा धूंध फायरिंग शुरू कर दी। करीब सात चक्र गोलियां चलायी गयी।

मजदूरों का कहना है कि अपराधियों ने सोनू राय को हेलमेट के अंदर पिस्तौल की नली डाल कर भी फायर किया। इस क्रम में कुछ मजदूरों को भी धमकाया गया जिसके बाद मौके से सभी मजदूर भाग गये। गोली चलाने के बाद अपराधियों ने सोनू राय के शव को अच्छी तरह से देखा जब वे लोग आश्वस्त हो गये कि वह मारा जा चुका है तो अपराधी बाइक पर ही सवार हो कर भागलपुर की तरफ भाग गये। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

चुनावी रंजिश में हुई है सोनू राय की हत्या : एसपी

नवगछिया की एसपी निधि रानी ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुरली राय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सभी अपराधियों को चिन्हित कर चुकी है। किसी को छोड़ा नहीं जायेगा। मामले में एसआईटी गठित कर त्वरित कार्रवाई की जायेगी। पुलिस नवगछिया सहित आस पास के जिलों में छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि चुनावी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है।