प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर समेत पूर्वी बिहार के लोगों को 200 बेड के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का तोहफा दिया है। अस्पताल का शिलान्यास पीएम श्री मोदी ने बरौनी में आयोजित कार्यक्रम में किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शिलान्यास समारोह के अवसर पर सीपीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता पीबी सिंह, अधीक्षण अभियंता वीके झा, कार्यपालक अभियंता केके सिंह, सहायक अभियंता चंद्रशेखर कुमार मौजूद रहे।
थ्री स्टार रेटिंग के मानक पर बनाया जायेगा अस्पताल
यह अस्पताल बरारी स्थित माउंट कार्मेल के पूरब स्थित जेएलएनएमसीएच की जमीन पर बनेगा। पांच एकड़ में बनने वाले इस अस्पताल के निर्माण पर 200 करोड़ का लागत आयेगी, जिसे बनाने का जिम्मा केंद्रीय पीडब्ल्यूडी को दिया गया है। अस्पताल को थ्री स्टार रेटिंग के मानक पर बनाया जायेगा। साथ ही अस्पताल की बिल्डिंग को भूकंप रोधी बनाया जायेगा। अस्पताल में सौर ऊर्जा उत्पादन सयंत्र और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगेगा। अस्पताल को दो साल के अंदर बनाने की बात कही गयी है।

सात फ्लोर वाले इस अस्पताल में होंगे आठ विभाग
केंद्रीय पीडब्ल्यूडी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर कृष्ण कुमार शुक्ला ने बताया कि सात तल के इस अस्पताल 160 बेड का न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, कॉर्डियोलॉजी, कॉर्डियो थोरेसिस सर्जरी, यूरोलॉजी, जेरिएट्रिक विभाग व इमरजेंसी विभाग होगा।
40 बेड का बनेगा आईसीयू, आठ बड़े ऑपरेशन थिएटर होंगे
शुक्ला के मुताबिक, इस अस्पताल में 40 बेड का आईसीयू भी बनेगा। इसके अलावा इस अस्पताल में आठ बड़े ऑपरेशन थिएटर होंगे। जिसमें किडनी, मस्तिष्क, ह्रदय, मूत्र से संबंधित ऑपरेशन किये जाएंगे। इसमें दिव्यांगों के लिए रैंप व अलग से शौचालय बनेगा।
अलग होगी पैथोलॉजी, एमआरआई मशीन भी लगेगी
सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में न केवल इलाज के लिए स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की तैनाती होगी, बल्कि उन्नत पैथोलॉजी सेंटर भी बनेगा। साथ ही यहां पर एक आधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर बनेगा, जहां पर सिटी स्कैन, एमआरआई जांच भी मरीजों का हो सकेगा। यहां पर अत्याधुनिक ब्लड बैंक भी बनेगा।
झारखंड से लेकर पूर्व बिहार, कोसी, सीमांचल को फायदा
अभी जेएलएनएमसीएच में इलाज कराने पूर्व बिहार, कोसी, सीमांचल के जिलों के साथ-साथ झारखंड के साहिबगंज,गोड्डा,पाकुड़ तक के लोग आते हैं। ऐसे तमाम लोगों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का लाभ मिलेगा।
