भागलपुर : गुरुवार को एक प्रेम-प्रसंग के मामले को सुलझाने में पुलिस के पसीने छूट गए। दोनों पक्षाें के लोगों के थाना पर बवाल करने के बाद थानेदार को मदद के लिए महिला थानाध्यक्ष और हेल्पलाइन की महिला अधिकारी को बुलाना पड़ा। दोनों के बालिग हाेने के बावजूद पुलिस मध्यस्थता से इंकार करती रही। शाम को अंधेरा होने पर जब बवाल करने वाले दोनों पक्ष के लोग चले गए तब पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को थाना से बाहर किया। इसके बाद दोनों ने अजगैबीनाथ मंदिर पहुंच शादी कर ली। बता दें, प्रेमी ऑटो ड्राइवर है और प्रेमिका बीए की छात्रा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!लड़की ने कहा- शादी नहीं होगी तो जहर खा लूंगी
लड़की ने पुलिस को बताया कि वह करीब 9 साल से युवक से प्रेम-प्रसंग है। जब वह स्कूल में पढ़ती थी तभी से दोनों एक-दूसरे को चाहते थे। घरवालों ने उसकी मर्जी के खिलाफ मुंबई में मोबाइल शॉप चलाने वाले युवक से मंगनी कर दी। वह उस लड़के को पसंद नहीं करती। इसलिए वह उसके साथ शादी नहीं करना चाहती है। जिस लड़के से वह प्रेम करती है, उससे घरवाले शादी नहीं करने दे रहे हैं। घरवाले इसका विरोध कर रहे हैं। लड़की ने बताया, गुरुवार को वह लड़के के घर गई और उससे शादी की इच्छा जताई, मगर उसके घरवाले ने इंकार कर दिया। इस पर मैंने लड़के से कहा- शादी नहीं होगी तो जहर खा लूंगी। यह सुनकर प्रेमी डर गया और शादी के लिए तैयार हो गया। इस बात पर जब विरोध होने लगा तो हम थाना आ गए।

प्रेमी-प्रेमिका ने कहा कि हम लोग कोर्ट मैरिज करेंगे
इधर, जीरोमाइल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि दोनों बालिग हैं। लड़की के परिजन शादी का विरोध कर रहे हैं। जबकि लड़के के परिजन शादी को राजी हैं। प्रेमी-प्रेमिका ने कहा कि हम लोग कोर्ट मैरिज करेंगे। ऐसे में पुलिस को क्या आपत्ति है। वहीं मामले की जानकारी मिलने पर महिला थानाध्यक्ष स्वयंप्रभा व हेल्पलाइन की महिला अधिकारी भी आईं और लड़की से बात की। लड़की शादी के लिए अड़ी है और लड़का भी राजी है। बाद में देर शाम लड़का-लड़की ने अजगैबीनाथ मंदिर में जाकर शादी कर ली।
