नवगछिया : नवगछिया अनुमंडल के कोसी पार खैरपुर, कदवा और ढोलबज्जा पंचायत के केला किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर नवगछिया एसपी आवास के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 को करीब डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया. तीनों पंचायत के किसान अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले राष्ट्रीय राजमार्ग पर जुटे थे. किसानों ने करीब डेढ़ घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया तो दूसरी तरफ सर्विस रोड को जाम से मुक्त रखा गया. जिसके कारण वाहनों की आवाजाही पूर्ववत रही और जाम का यातायात पर आंशिक रूप से ही प्रभाव रहा. बड़ी संख्या में किसान केले की खाने को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे थे.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!किसानों का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान महासभा के कामरेड बिंदेश्वरी मंडल, रामदेव सिंह, मुरारी भारतीय व अर्जुन प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से किया. किसानों केले की खानही को सड़क पर रखकर किसानों ने प्रदर्शन भी किया. मालूम हो कि पिछले दिनों आई आंधी पानी में नवगछिया के तीनों पंचायतों में केले की लगी फसल पूरी तरह से तबाह हो गयी है. किसानों ने बताया कि करीब 500 एकड़ में केले की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है.

एक तरफ किसान केले की फसल बर्बाद हो जाने के बाद आर्थिक कठिनाई से जूझ रहे हैं तो दूसरी तरफ प्रशासनिक स्तर से अब तक क्षतिग्रस्त हुए फसलों का सर्वे के अलावा कुछ नहीं किया गया है. इस दौरान किसान लाल झंडे के साथ पहुंचे थे और क्षति के एवज में डेढ़ गुना मुआवजा यानी प्रति एकड़ डेढ़ लाख रुपया मुआवजे की मांग कर रहे थे. मौके पर एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए मुरारी भारतीय ने कहा कि केले की पूरी फसल तबाह हो गई है.
ऐसे में असंवेदनशील सरकार किसी तरह की सुध नहीं ले रही है. मुआवजा मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी. जिला सचिव कामरेड बिंदेश्वरी मंडल ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार बड़े बड़े औद्योगिक घरानों को ऋण माफी कर रही है तो दूसरी तरफ जिन लोगों के ऋण की माफी होनी चाहिए वे लोग आज सड़क पर दरबदर ठोकर खा रहे हैं. कामरेड बिंदेश्वरी मंडल ने कहां की सरकार कान खोलकर सुन ले ये नवगछिया के केला किसान हैं, निश्चित रूप से यह आत्महत्या नहीं करेंगे लेकिन सरकार से लड़ते-लड़ते जान जरूर दे देंगे. विभिन्न नेताओं ने कहा कि कोसी पार के किसानों की हालत खस्ताहाल हो गई है.

अगर सरकारी स्तर से मुआवजा नहीं मिला तो किसानों को जमीन और घर बेचकर कर्ज चुकाना होगा. स्थानीय पदाधिकारियों के समझाने-बुझाने पर किसानों ने प्रदर्शन को समाप्त किया. इस अवसर पर जगतपुर के मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप यादव, अरुण मंडल, उपेंद्र प्रसाद यादव, अर्जुन प्रसाद यादव, जयप्रकाश शर्मा, कांग्रेस यादव, रविंद्र मिश्रा, सिकंदर, पोगी मंडल, विमल पोद्दार, चंद्रदेव सिंह, बद्री राय, सुरेंद्र शर्मा, शेखर यादव, राजकुमार मुन्ना, भवेश मंडल, प्रदीप यादव, ज्ञानी साह, अच्युतानंद सिंह, वकील मंडल, सिकंदर यादव, नरेश गुप्ता, राधे श्याम रजक आदि अन्य किसान की भी मौजूद थे.
कहते हैं प्रखंड विकास पदाधिकारी
नवगछिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि किसानों ने सड़क जाम नहीं किया था. पीड़ित केला किसानों का एक कल उनसे मिलने जरूर आया था. किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मामले से भरी पदाधिकारियों व सरकार को अवगत कराया जाएगा.
