नवगछिया : नवगछिया पुलिस जिले के परवत्ता थाना क्षेत्र के साहू परवत्ता गांव के पूर्व मुखिया अवधेश साहू के पुत्र नीरज साहू की पत्नी निहारिका साहू 42 की मौत संदेहास्पद स्थिति में हो गयी है. परिजनों का कहना है कि महिला ने खुद फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है. नवगछिया के एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की आवश्यक छानबीन की है. शुक्रवार को परवत्ता थाना पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा कर दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. मामले की बाबत परवत्ता थाने में यूडी केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गयी है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!साहू परवत्ता में संदेहास्पद स्थिति में महिला की मौत
,, परिजनों के अनुसार महिला ने फांसी लगा कर की आत्महत्या
,, परवत्ता थाने में यूडी केस में दर्ज किया गया मामला
,, घटना गुरूवार देर शाम की, शुक्रवार को मिली पुलिस को सूचना
,, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंपा
,, रक्सौल से पहुंचे मायके वाले, सभी गहरे सदमे में
महिला के शव के बाये पैर के टेहुने के नीचे पुराने खरोंच के निशान हैं तो गले के पास काला निशान था और नाक से खून निकलने के निशान थे. परिजनों की माने तो शुक्रवार को पड़ोस के अनिकलाल साहू के पुत्र गोलू साहू की शादी होनी थी. गुरूवार को मड़वा समारोह का आयोजन किया जा रहा था. निहारिका साहू इसी आयोजन में शामिल हो कर अपने घर आयी थी और पुन: वहीं जाने वाली थी. उसने समारोह में कुछ महिलाओं को कह दिया था कि कोई महत्वपूर्ण रस्म हो तो उसे घर से बुलवा लिया जाय. परिजनों का कहना था कि शाम छ: बजे वह घर के दूसरे तल्ले स्थित अपने बेडरूम में गयी थी.

इसके बाद वह फिर बाहर नहीं निकली. रात आठ बजे महिला के पति नीरज साहू और देवर धीरज साहू घर आये तो देखा कि निहारिका के बेडरूम का दरवाजा अंदर से लॉक है. खुलवाने का बहुत प्रयास किया गया लेकिन दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद महिला के चचेरे ससुर महेश साहू ने घर के नकली चाभी से दरवाजा खोला तो देखा कि निहारिका एक जॉरजेट साड़ी के सहारे फंखे से झूल रही थी. उसने पलंग पर दो छोटे छोटे टेबुल लगा कर पंखे तक पहुंची थी और फिर वहां खूद गले में फंदा डाल कर झूल गयी थी.
परिजनों के स्तर से जानकारी दी गयी है कि इसके बाद आनन फानन में महिला की जान बचाने की नियत से उसे नीचे उतारा गया. लेकिन वह मृत हो चुकी थी. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों से घटना के बारे में पता चला. इसके बाद पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की. पुलिस ने घर के दूसरे फ्लोर के फर्श से महिला के शव को शुक्रवार को दिन के ग्यारह बजे बरामद किया है और उसी वक्त पंचनामा भी तैयार किया है. इधर सूचना पर महिला के मायकेवाले दोपहर बाद अनुमंडल अस्पताल पहुंचे थे. वे लोग कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थे.
सभी गहरे सदमें में हैं. आखिर महिला आत्महत्या करने को क्यों मजबूर हुई, इस सवाल का जवाब अभी तक न तो परिजन दे पा रहे हैं और न ही पुलिस. इस घटना में एक बात जो संदेश पैदा करती है वह यह है कि घटना से गुरूवार रात आठ बजे तक सभी परिजन अवगत थे तो पुलिस को घटना के 12 घंटे बाद सूचना क्यों दी गयी. बहरहाल पुलिस मामले में छानबीन करने का दावा कर रही है.
कहती है एसपी
नवगछिया की एसपी निधि रानी ने कहा कि ग्रामीण स्तर से पुलिस को सूचना मिली थी लेकिन प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लगता है. पुलिस मामले में यूडी केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर चुकी है. पोस्टमार्टम रिर्पोट आने का इंतजार किया जा रहा है.
