नवगछिया : कदवा मध्य विद्यालय में बाल संसद चुनाव संपन्न, ईवीएम ऐप से हुआ मतदान
नवगछिया/कदवा दियारा स्थित मध्य विद्यालय काशीमपुर कदवा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बाल संसद चुनाव उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने छात्र-छात्राओं में तकनीकी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस बार चुनाव प्रक्रिया में ईवीएम ऐप का इस्तेमाल किया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक दिगंबर राय ने बताया कि प्रत्येक शैक्षणिक वर्ष में विद्यालय परिसर में बाल संसद का चुनाव कराया जाता है। इस बार कक्षा 3 से 8 तक के कुल 256 छात्र-छात्राओं में से 215 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 84 प्रतिशत दर्ज किया गया।
चुनाव परिणाम में स्वीकृति कुमारी प्रधानमंत्री, रीतु कुमारी शिक्षा मंत्री तथा कृष्णा कुमार स्वास्थ्य मंत्री निर्वाचित हुए। इसके अलावा सात अन्य मंत्री भी चुने गए।

चुनाव प्रक्रिया को सफल और पारदर्शी बनाने में नोडल शिक्षक राजा कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने नामांकन से लेकर मतगणना और परिणाम घोषणा तक निष्पक्षता के साथ चुनाव प्रक्रिया का संचालन किया।
विद्यालय में नवाचार को बढ़ावा देने वाले शिक्षक प्रशांत कुमार ने छात्र-छात्राओं को भय और लोभ से मुक्त होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का हर वोट महत्वपूर्ण है और लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर योग्य नागरिक का मतदान जरूरी है।
वहीं शिक्षक शुभम कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुरूप विद्यालय प्रबंधन छात्र-छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जल्द ही सभी निर्वाचित मंत्रियों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
इस अवसर पर शिक्षक राजकिशोर मंडल, पूनम सिन्हा, सुकृता कुमारी, रूपम कुमारी एवं शिक्षा सेवक शंभु रजक मौजूद रहे।

