बाल भारती स्कूल में एनसीसी चयन परीक्षा संपन्न, 200 विद्यार्थियों ने लिया भाग, 50 चयनित
बाल भारती स्कूल में मंगलवार को एनसीसी चयन परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा का संचालन 23 बिहार बटालियन के कर्नल रितेश मोहन के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
एनसीसी में शामिल होने के लिए स्कूल के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया। चयन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामान्य योग्यता का आकलन किया गया। परीक्षा के बाद कुल 50 छात्र-छात्राओं का चयन एनसीसी के लिए किया गया।
विद्यालय के प्रशासक डीपी सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्रों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी ऑफिसर विकास पांडेय, सुमित्रा पंडित सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल देखा गया।

