नवगछिया में बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन की नई टीम ने अधिकारियों से की मुलाकात
नवगछिया : बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा नवगछिया की नवनिर्वाचित टीम ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन की नई टीम ने पुलिसकर्मियों के हितों की रक्षा और संगठन की सक्रिय भूमिका को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने राजेश कुमार, ओमप्रकाश कुमार, डीएसपी मुख्यालय, ट्रैफिक डीएसपी, लाइन डीएसपी तथा लाइन मेजर सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान सभी अधिकारियों को बुके और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक में पुलिस जवानों की ड्यूटी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। एसोसिएशन की ओर से जवानों के आवास, समय पर अवकाश, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण और पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस जवान लगातार कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं, ऐसे में उनके मूलभूत सुविधाओं और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से जवानों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने की मांग की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संगठन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जवानों के हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

